मेरठ स्टेशन पर 2 किलो चांदी की ईंट: रैपिड स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान पकड़ में आया व्यापारी

उत्तर प्रदेश के मेरठ साउथ RRTS (रैपिड रेल) स्टेशन पर सोमवार देर शाम सुरक्षा जांच के दौरान एक व्यापारी को बिना बिल के करीब दो किलोग्राम चांदी की ईंट के साथ पकड़ा गया। व्यापारी की पहचान भास्कर अग्रवाल, निवासी मेरठ के रूप में हुई है, जो चांदी की ईंट मोदीनगर ले जा रहे थे।
GST विभाग को सौंपा गया मामला
सुरक्षाकर्मियों को चेकिंग के दौरान व्यापारी के बैग में चांदी की ईंट मिली, लेकिन वह कोई वैध बिल नहीं दिखा सके। इसके बाद एनसीआरटीसी और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें हिरासत में लेकर राज्यकर (GST) विभाग की सचल दस्ते की टीम को सूचना दी।
7 लाख की चांदी, 42 हजार का जुर्माना
GST विभाग की जांच में चांदी की ईंट का वजन करीब 2 किलो और कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई। चांदी पर 3 प्रतिशत GST देय होता है। नियमों के अनुसार बिना बिल माल ले जाने पर दोगुना GST जुर्माने के रूप में वसूला गया। मौके पर ही व्यापारी से 42 हजार रुपये का जुर्माना वसूल कर चांदी की ईंट उन्हें सौंप दी गई।





