संभल में शादी की खुशियां मातम में बदलीं: किशोर ने उठाया खौफनाक कदम

उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। थाना रायसत्ती क्षेत्र के मोहल्ला जगत निवासी मुकीम खान उर्फ चांद के 16 वर्षीय बेटे हमजा ने बहन की शादी के दिन फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ओर घर में बेटी की विदाई की तैयारियां चल रही थीं, वहीं दूसरी ओर बेटे की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
मैरिज हॉल से घर आया और कर ली आत्महत्या
परिजनों के अनुसार, हमजा सुबह से ही बहन शाजिया की शादी की व्यवस्थाओं में जुटा हुआ था। दोपहर बाद वह अचानक मैरिज हॉल से घर लौट आया और कमरे में दुपट्टे के सहारे कुंडे से फांसी लगा ली। करीब शाम 4 बजे पड़ोसियों ने घर का गेट खुला देखा, तो अंदर जाकर देखा कि किशोर फंदे से लटका हुआ है।
खुशियां मातम में बदलीं, माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
सूचना मिलते ही परिजन घर पहुंचे, लेकिन तब तक हमजा की मौत हो चुकी थी। एक तरफ बेटी की डोली उठ चुकी थी, तो दूसरी ओर बेटे के जनाजे की तैयारी शुरू हो गई। माता-पिता बदहवास हालत में यह कहते नजर आए कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि बेटे ने ऐसा कदम क्यों उठाया।





