मुंबई में रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के बाद हड़कंप: क्या कमजोर पड़ चुका है लॉरेंस बिश्नोई गैंग?

मुंबई के जुहू इलाके में 31 जनवरी की देर रात मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग की घटना ने पूरे बॉलीवुड और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12:45 बजे नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली जिम के शीशे से टकराई। इस मामले में एक फरवरी को पुणे पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया था। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम सामने आया, लेकिन जांच एजेंसियां इस दावे की सत्यता की पुष्टि कर रही हैं।
रणवीर सिंह को 1 करोड़ की रंगदारी की मांग?
फायरिंग कांड के बाद अब अभिनेता रणवीर सिंह को धमकी मिलने की खबर ने हलचल मचा दी है। सूत्रों के अनुसार, रणवीर सिंह के मैनेजर को WhatsApp पर एक वॉइस नोट भेजा गया, जिसमें 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। यह वॉइस नोट कथित तौर पर गैंग से जुड़े ‘हैरी बॉक्सर’ के नाम से भेजा गया बताया जा रहा है।
धमकी में कहा गया— “अब तुम्हें दिखाएंगे कि हमारी ताकत के आगे तुम्हारी सात पुश्तें भी कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगी… तुम्हारे मैनेजर और परिवार की हर गतिविधि की जानकारी है।” हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि यह संदेश सीधे बिश्नोई गैंग से जुड़ा है।




