झांसी हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: रेलवे वेंडर पति को तमंचे से मरवाया

झांसी में रेलवे वेंडर रहे जगभान कुशवाहा (40) की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में मृतक की पत्नी किरण कुशवाहा, उसके प्रेमी शिवकुमार लोधी और उसके साथी धर्मेंद्र लोधी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तमंचा, कारतूस, बाइक और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
स्टेशन के पास झाड़ियों में मिली थी लाश
1 फरवरी की सुबह झांसी रेलवे स्टेशन के पीछे पुलिया नंबर-9 के पास झाड़ियों में खून से सनी लाश मिली थी। मृतक की पहचान ललितपुर के तालबेहट निवासी जगभान कुशवाहा के रूप में हुई थी, जो रेलवे में वेंडर का काम करता था। वह 31 जनवरी की रात चेन्नई जाने के लिए घर से निकला था। मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पत्नी पर शक, बार-बार बदल रही थी बयान
झांसी नगर पुलिस अधीक्षक प्रीति सिंह के अनुसार, जांच के दौरान सबसे पहले शक मृतक की पत्नी किरण पर गया। वह लगातार बयान बदल रही थी और एफआईआर दर्ज कराने में भी आनाकानी कर रही थी। मोबाइल की कॉल डिटेल (CDR) खंगालने पर शिवकुमार लोधी का नाम सामने आया।
फेसबुक से शुरू हुआ प्रेम प्रसंग
जांच में सामने आया कि करीब छह महीने पहले किरण की फेसबुक पर शिवपुरी (मध्यप्रदेश) निवासी शिवकुमार लोधी से दोस्ती हुई थी। दोस्ती जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई। शिवकुमार ने अपने हाथ पर किरण के नाम का टैटू तक बनवा लिया था। पति की गैरमौजूदगी में दोनों मिलते थे। जगभान को इस संबंध की जानकारी हो गई थी, जिससे वह दोनों के बीच रोड़ा बन गया।







