बलूचिस्तान में ‘हेरोफ 2.0’ का कहर: पाकिस्तान की रणनीति फेल

पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने सुनियोजित तरीके से 12 से अधिक शहरों में एक साथ हमला कर पूरे देश को हिला दिया है। यह हमला दशकों में हुआ सबसे बड़ा और सबसे संगठित विद्रोही ऑपरेशन माना जा रहा है। सैकड़ों की संख्या में ऑटोमेटिक हथियारों से लैस बलूच स्वतंत्रता सेनानियों ने सैन्य ठिकानों, पुलिस चौकियों और सरकारी इमारतों को निशाना बनाया।
क्वेटा सबसे ज्यादा प्रभावित
राजधानी क्वेटा में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे। यहां पुलिस चौकियों पर फायरिंग, बैंकों में आगजनी और सेना-पुलिस की गाड़ियों को जलाने की घटनाएं सामने आईं। नुश्की, मस्तुंग, कलात, खारान, ग्वादर, पसनी और तुरबत जैसे शहरों में भी बम धमाके और गोलीबारी की खबरें हैं। कई इलाकों में इंटरनेट पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
क्या है ‘हेरोफ 2.0’?
BLA ने इस हमले को “हेरोफ 2.0” नाम दिया है। ‘हेरोफ’ एक बलूची साहित्यिक शब्द है, जिसका अर्थ है “काला तूफान”। इससे पहले अगस्त 2024 में हेरोफ-1 के तहत 12 जिलों में हमले किए गए थे। 2026 का यह हमला उसी ऑपरेशन का विस्तारित और कहीं अधिक घातक संस्करण है, जिसमें महिला आत्मघाती हमलावर भी शामिल थीं।









