ऑल इंडिया ब्रेकडाउन: कल Ola-Uber-Rapido ड्राइवर्स की देशव्यापी हड़ताल

अगर आप शनिवार, 7 फरवरी 2026 को Ola, Uber या Rapido से कैब, ऑटो या बाइक-टैक्सी बुक करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। देशभर में इन एप-बेस्ड राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े ड्राइवर्स ने एक दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का एलान किया है। इस हड़ताल की वजह से कैब सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो सकती हैं।
‘ऑल इंडिया ब्रेकडाउन’ क्या है और इसे कौन कर रहा है आयोजित?
इस देशव्यापी हड़ताल को ‘ऑल इंडिया ब्रेकडाउन’ नाम दिया गया है। इसका नेतृत्व तेलंगाना गिग एंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन (TGPWU) कर रही है, जिसे कई राष्ट्रीय श्रमिक संगठनों का समर्थन प्राप्त है।
यूनियन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा— “कोई न्यूनतम किराया नहीं, कोई रेगुलेशन नहीं, सिर्फ अंतहीन शोषण।” ड्राइवर्स ने साफ किया है कि इस दौरान वे अपने मोबाइल ऐप पूरी तरह बंद रखेंगे।
ड्राइवर्स की मुख्य मांगें क्या हैं?
ड्राइवर्स का आरोप है कि Ola, Uber, Rapido और अन्य एग्रीगेटर कंपनियां मनमाने तरीके से किराया तय कर रही हैं, जिससे उनकी आय असुरक्षित हो गई है।
प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
सरकार द्वारा न्यूनतम किराया (Minimum Base Fare) तय किया जाए,
प्राइवेट (व्हाइट नंबर प्लेट) गाड़ियों के कमर्शियल इस्तेमाल पर रोक,
Motor Vehicle Aggregator Guidelines 2025 को सख्ती से लागू किया जाए,
कंपनियों के भारी कमीशन और कटौतियों पर लगाम,
ड्राइवर्स की सामाजिक सुरक्षा और स्थिर आय सुनिश्चित की जाए,
यूनियन ने इन सभी मुद्दों को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भी लिखा है।




