राज्यसभा में पीएम मोदी का तीखा हमला: ‘मोहब्बत की दुकान से मोदी की कब्र खोदने की बातें’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। उनके भाषण के बाद यह प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हो गया। पीएम मोदी का भाषण तीखे हमलों, तंज और सरकार की उपलब्धियों से भरा रहा।
दुनिया के साथ ट्रेड डील: कांग्रेस पर सीधा हमला
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत भविष्य के लिए तैयार ट्रेड एग्रीमेंट कर रहा है। यूरोपियन यूनियन सहित 27 देशों के साथ ट्रेड डील को उन्होंने ऐतिहासिक बताया। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समय ‘डील’ का मतलब बोफोर्स था, जबकि आज डील गर्व की पहचान है।
खरगे की उम्र पर टिप्पणी, विपक्ष का वॉकआउट
विपक्ष की नारेबाजी के बीच पीएम ने भाषण शुरू किया। मल्लिकार्जुन खरगे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उम्र को देखते हुए उन्हें बैठकर नारे लगाने चाहिए। इसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर
पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले भारत 11वें स्थान पर पहुंच गया था, लेकिन आज भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भारत अब ग्लोबल साउथ की मजबूत आवाज बन चुका है।





