फिर जेल से बाहर आएंगे गुरमीत राम रहीम: रेप केस में दोषी गुरमीत राम रहीम को 40 दिन की पैरोल

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख और रेप केस में दोषी करार दिए जा चुके गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर जेल से बाहर आने की अनुमति मिल गई है। हरियाणा सरकार ने उसे 40 दिन की पैरोल मंजूर की है। यह 2017 में सजा मिलने के बाद 15वीं बार है जब राम रहीम जेल से बाहर आएगा। वर्ष 2026 में यह उसकी पहली रिहाई मानी जा रही है।
सुनारिया जेल से सिरसा डेरा तक का सफर
गुरमीत राम रहीम फिलहाल रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है और पैरोल अवधि के दौरान वह हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा में ही रहेगा। प्रशासन के मुताबिक, यह पैरोल डेरा सच्चा सौदा के दूसरे गुरु शाह सतनाम जी के जन्म माह के अवसर पर दी गई है। राम रहीम के सिरसा आगमन से पहले ही डेरा परिसर में तैयारियां तेज हो गई हैं।
रेप केस में 20 साल की सजा
राम रहीम को अगस्त 2017 में पंचकूला की सीबीआई अदालत ने दो महिला अनुयायियों से बलात्कार के मामले में दोषी ठहराते हुए 20 साल की सजा सुनाई थी। सजा के बाद पंचकूला और सिरसा में भारी हिंसा हुई थी, जिसमें करीब 40 लोगों की मौत हो गई थी और सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा था।






