मिडिल-ईस्ट युद्ध की आंच भारत तक: मुंबई-जयपुर में होटल बंद

अभी अभी210
मुंबई-जयपुर में होटल बंद

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब भारत की अर्थव्यवस्था और रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय गैस आपूर्ति बाधित होने के कारण देश में एलपीजी (LPG) संकट गहराता जा रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई शहरों में होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
तेल कंपनियों द्वारा कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दिए जाने से फूड इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। मुंबई, जयपुर, चेन्नई, बेंगलुरु और पुडुचेरी जैसे शहरों में गैस की कमी के कारण होटल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और हजारों कर्मचारियों की रोज़ी-रोटी पर भी संकट मंडरा रहा है।

जयपुर में 50 हजार होटल-रेस्टोरेंट संकट में
राजस्थान की राजधानी जयपुर में कमर्शियल गैस की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक गैस की सप्लाई बाधित होने के कारण यहां करीब 50 हजार से ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर हैं। होटल संचालकों का कहना है कि बिना गैस के भोजन तैयार करना संभव नहीं है, जिससे व्यापार पूरी तरह ठप पड़ने की आशंका है।

पुडुचेरी में 750 होटल बंद होने का खतरा
पुडुचेरी में भी हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। यहां कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई लगभग पूरी तरह बंद हो गई है। पुडुचेरी होटल ओनर्स एसोसिएशन के अनुसार: राज्य के 99 प्रतिशत रेस्टोरेंट गैस सिलेंडरों पर निर्भर हैं। करीब 750 होटल बंद होने के खतरे में हैं। कई बड़े होटलों ने अपने मेनू में कटौती कर दी है। अब ग्राहकों को दोपहर के भोजन में सीमित विकल्प दिए जा रहे हैं, जिनमें सिर्फ ‘कूटू’ या ‘पोरियाल’ जैसे व्यंजन ही परोसे जा रहे हैं।

मुंबई में गैस संकट, 20% होटल बंद
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी एलपीजी संकट तेजी से गहराता जा रहा है। होटल उद्योग से जुड़े संगठन ‘आहार’ (AHAR) के अनुसार गैस सप्लाई न मिलने के कारण करीब 20 प्रतिशत होटल पहले ही बंद हो चुके हैं। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थिति नहीं सुधरी तो अगले दो दिनों में 50 प्रतिशत तक होटल बंद हो सकते हैं।
हालांकि, होटल बंद करने का कोई सामूहिक निर्णय नहीं लिया गया है और यह फैसला होटल मालिकों पर छोड़ दिया गया है।

चेन्नई होटल एसोसिएशन ने पीएम को लिखा पत्र
एलपीजी की कमी को लेकर चेन्नई होटल एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर तत्काल समाधान की मांग की है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष एम. रवि के अनुसार: कई होटलों के पास सिर्फ दो दिन का गैस स्टॉक बचा है। यदि जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो होटल सेवाएं बंद करनी पड़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि फूड इंडस्ट्री 24 घंटे काम करती है और यह अस्पतालों, आईटी पार्कों, कॉलेज हॉस्टलों और यात्रियों के लिए भोजन का प्रमुख स्रोत है।

तमिलनाडु के शिक्षा मंत्री का बयान
तमिलनाडु के शिक्षा मंत्री अंबिल महेश ने एलपीजी संकट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले दो दिनों से गैस की कीमतों और सप्लाई को लेकर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक उपायों पर विचार कर रही है।

पश्चिम एशिया युद्ध से गैस सप्लाई प्रभावित
विशेषज्ञों के मुताबिक इस संकट की मुख्य वजह पश्चिम एशिया में जारी युद्ध है। भारत के लिए गैस का बड़ा सप्लायर कतर है। होर्मुज की खाड़ी में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से आपूर्ति बाधित हुई है। कई गैस टर्मिनलों और सप्लाई रूट पर हमलों की वजह से गैस आयात प्रभावित हुआ है। इसके कारण देश के कई शहरों में एलपीजी और सीएनजी की किल्लत देखने को मिल रही है।

खबरे और भी है...