AI और डीपफेक के खिलाफ कानूनी जंग: विवेक ओबेरॉय ने दिल्ली हाई कोर्ट का खटखटाया दरवाजा

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक के बढ़ते खतरे के बीच अब अभिनेता और बिजनेसमैन विवेक ओबेरॉय ने भी अपनी पहचान की सुरक्षा के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। इससे पहले अमिताभ बच्चन, सलमान खान, ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ जैसे कई बड़े सितारे अपने पर्सनैलिटी राइट्स को सुरक्षित कराने के लिए कोर्ट का रुख कर चुके हैं।
क्यों विवेक ओबेरॉय को उठाना पड़ा यह बड़ा कदम?
डिजिटल दौर में अपराध अब सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि सोशल मीडिया और मोबाइल स्क्रीन तक पहुंच चुके हैं। विवेक ओबेरॉय का आरोप है कि उनकी अनुमति के बिना उनके नाम, चेहरे, आवाज और पहचान का इस्तेमाल कर फर्जी और भ्रामक कंटेंट तैयार किया जा रहा है, जिससे उनकी छवि और ब्रांड वैल्यू को नुकसान पहुंच रहा है।
फेक अकाउंट्स, डीपफेक और AI कंटेंट का आरोप
लिव लॉ.इन की रिपोर्ट के मुताबिक, विवेक ओबेरॉय ने 4 फरवरी 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की। याचिका में कहा गया है कि कई फेक सोशल मीडिया अकाउंट्स, मर्चेंडाइज प्लेटफॉर्म्स और AI जनरेटेड कंटेंट के जरिए उनकी पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें डीपफेक वीडियो भी शामिल हैं, जो आम लोगों को गुमराह कर रहे हैं।




