अनुष्का प्रकरण पर तेज प्रताप यादव का बड़ा बयान: “दिन-रात परेशान किया जा रहा है, क्या फांसी लगा लूं?”

तेज प्रताप यादव ने अनुष्का यादव के मां बनने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि अनुष्का या उसके बच्चे से उनका कोई संबंध नहीं है और उन्हें एक सोची-समझी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
तेज प्रताप ने भावुक होते हुए कहा, “दिन-रात मुझे परेशान किया जा रहा है। मैं क्या करूं, फांसी लगा लूं क्या? मुझे पार्टी और परिवार से बाहर कर दिया गया है। मुकेश रौशन मेरी हत्या कराना चाहते हैं।”
बच्चे से रिश्ता नकारा
सोशल मीडिया पर तेज प्रताप और अनुष्का यादव की पुरानी तस्वीर वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आया। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि तेज प्रताप एक पुत्री के पिता बने हैं। हालांकि, तेज प्रताप ने इन खबरों को “पूरी तरह झूठा” बताते हुए कहा कि उनका अनुष्का यादव से किसी भी प्रकार का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि यह उनकी छवि खराब करने की कोशिश है।
कोर्ट जाने और पीएम से मिलने की तैयारी
तेज प्रताप यादव ने कहा कि वे इस मामले में कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। साथ ही उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिलने की भी बात कही, ताकि वे अपनी बात रख सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग “जयचंद” बनकर उन्हें बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं। उनका दावा है कि ऐसे लोगों की एक लंबी सूची उनके पास है।




