दिल्ली के करीब 15 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी: दिल्ली में हाई-अलर्ट घोषित

देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। ईमेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने दिल्ली पुलिस और फायर डिपार्टमेंट को सूचना दी। इसके बाद बम निरोधक दस्ता (BDS), डॉग स्क्वॉड और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं।
किन-किन स्कूलों को मिली धमकी?
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सुबह 8:30 से 9:00 बजे के बीच कम से कम 15 स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
लोरेटो कॉन्वेंट स्कूल, दिल्ली कैंट
वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल, रोहिणी
कैम्ब्रिज स्कूल, श्रीनिवासपुरी व NFC
द इंडियन स्कूल, सादिक नगर
सीएम श्री स्कूल, रोहिणी व शालीमार बाग
डीटीईए स्कूल, INA व लोधी रोड
बाल भारती स्कूल, रोहिणी
जसपाल कौर पब्लिक स्कूल
मानव स्थली स्कूल, न्यू राजेंद्र नगर
आधारशिला विद्यापीठ, पीतमपुरा
छात्रों को सुरक्षित निकाला गया, तलाशी जारी
धमकी मिलते ही एहतियातन सभी स्कूल परिसरों को खाली कराया गया। छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने स्कूल भवनों, क्लासरूम और आसपास के इलाकों में गहन तलाशी अभियान चलाया।
अब तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, जबकि कई धमकियों को प्रारंभिक जांच में अफवाह बताया गया है।





