मुंबई मेयर को लेकर खत्म हुआ सस्पेंस: रितु तावड़े: नगर प्रशासन में अनुभवी चेहरा

मुंबई महानगरपालिका (BMC) में मेयर पद को लेकर जारी लंबे सस्पेंस पर अब विराम लग गया है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने रितु तावड़े को मुंबई मेयर पद के लिए अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया है। मेयर का चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे बीएमसी मुख्यालय में होगा।
रितु तावड़े को नगर प्रशासन में लंबा अनुभव है। वह जमीनी राजनीति से जुड़ी नेता मानी जाती हैं और जनता की समस्याओं को लेकर सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। बीजेपी उन्हें एक मजबूत मराठी हिंदू महिला चेहरे के रूप में आगे बढ़ा रही है।
तीन बार की पार्षद, शिक्षा समिति की पूर्व अध्यक्ष
रितु तावड़े ने पहली बार 2012 में वार्ड नंबर 127 से नगर निगम चुनाव जीता था। इसके बाद 2017 में घाटकोपर के वार्ड नंबर 121 से दूसरी जीत हासिल की। 2025 के बीएमसी चुनाव में उन्होंने वार्ड नंबर 132 से लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की। इसके अलावा वह बृहन्मुंबई नगर निगम की शिक्षा समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं, जिससे उनके प्रशासनिक अनुभव को और मजबूती मिलती है।
कांग्रेस छोड़ 2012 में थामा था बीजेपी का दामन
साल 2012 में रितु तावड़े ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी। पार्टी नेताओं के अनुसार, तावड़े जमीनी स्तर पर बेहद सक्रिय हैं और नागरिक समस्याओं के समाधान में प्रभावी भूमिका निभाती रही हैं। वह महाराष्ट्र भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष भी हैं।




