गणतंत्र दिवस पर दिल्ली पुलिस की हाई-टेक सुरक्षा: क्या हैं AI पावर्ड स्मार्ट ग्लासेस?
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
गणतंत्र दिवस (Republic Day) 26 जनवरी के मौके पर दिल्ली पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने जा रही है। इस बार पहली बार पुलिसकर्मी AI पावर्ड स्मार्ट ग्लासेस पहनकर ड्यूटी पर नजर आएं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के जरिए भीड़ में मौजूद संदिग्धों और अपराधियों की पहचान करना अब और आसान होगा।
क्या हैं AI पावर्ड स्मार्ट ग्लासेस?
AI स्मार्ट ग्लासेस हाई-टेक चश्मे हैं, जिनमें कैमरा, सेंसर, फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) और थर्मल इमेजिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। ये चश्मे सीधे पुलिस के क्रिमिनल डेटाबेस से जुड़े होते हैं, जिसमें वॉन्टेड और पुराने अपराधियों की जानकारी मौजूद रहती है।
मोबाइल से कनेक्ट रहेंगे पुलिस के स्मार्ट चश्मे
सीनियर अधिकारियों के मुताबिक, ये स्मार्ट ग्लासेस पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन से कनेक्ट रहेंगे। जैसे ही कोई व्यक्ति पुलिसकर्मी के सामने आएगा, सिस्टम उसके चेहरे को स्कैन कर डेटाबेस से मिलान करेगा।
सेकंडों में होगी संदिग्धों की पहचान
फेशियल रिकग्निशन सिस्टम कुछ ही सेकंड में व्यक्ति की पहचान कर लेगा। अगर व्यक्ति का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है तो ग्रीन सिग्नल दिखेगा, जबकि अपराधी या संदिग्ध होने पर रेड अलर्ट मिलेगा। इससे पुलिस तुरंत कार्रवाई कर सकेगी।
थर्मल इमेजिंग से छुपे हथियारों पर भी नजर
AI स्मार्ट ग्लासेस में मौजूद थर्मल स्कैनिंग तकनीक की मदद से छुपी हुई धातु की वस्तुएं, हथियार या प्रतिबंधित सामान भी पकड़ा जा सकेगा। थर्मल सेंसर शरीर या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से निकलने वाली गर्मी को कैप्चर करता है और अलग-अलग रंगों में स्क्रीन पर दिखाता है।
थर्मल स्कैनिंग कैसे करती है काम?
इलेक्ट्रिक डिवाइस और शरीर हल्की गर्मी पैदा करते हैं,
थर्मल सेंसर उस गर्मी को पकड़ता है,
रेड/येलो रंग ज्यादा गर्मी और ब्लू/ब्लैक ठंडे हिस्से को दिखाते हैं,
थर्मल स्कैनिंग के फायदे
अंधेरे में इंसान या जानवर की पहचान,
आग या संदिग्ध वस्तुओं का पता,
सुरक्षा और रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद,
भारतीय कंपनी ने बनाए स्मार्ट ग्लासेस
दिल्ली पुलिस द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे ये AI स्मार्ट ग्लासेस एक भारतीय कंपनी ने तैयार किए हैं। इन्हें सीधे पुलिस के कंट्रोल रूम और डेटाबेस से जोड़ा गया है। हालांकि, पुलिस ने इनकी संख्या और कीमत का खुलासा नहीं किया है।
भविष्य की स्मार्ट पुलिसिंग की ओर कदम
AI तकनीक अब सिर्फ सवालों के जवाब देने या फोटो बनाने तक सीमित नहीं रही। गणतंत्र दिवस पर इन स्मार्ट ग्लासेस का इस्तेमाल देश में स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में यह तकनीक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बना सकती है।









