क्या है मूलांक 6 ?: शुक्र ग्रह से प्रभावित ये लोग होते हैं बेहद आकर्षक

Comments
अंक ज्योतिष में मूलांक 6 को विशेष स्थान प्राप्त है। जिन लोगों का जन्म किसी भी माह की 6, 15 या 24 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 6 माना जाता है। इस मूलांक का स्वामी ग्रह शुक्र (Venus) है, जो प्रेम, सौंदर्य, भोग-विलास, कला और ऐश्वर्य का प्रतीक माना जाता है।
शुक्र ग्रह का प्रभाव
मूलांक 6 वाले लोग स्वभाव से बेहद आकर्षक, मिलनसार और शांतिप्रिय होते हैं। इनका व्यक्तित्व प्रभावशाली होता है और ये जहां भी जाते हैं, लोगों को आसानी से अपनी ओर आकर्षित कर लेते हैं। खासतौर पर मूलांक 6 वाली महिलाएं अत्यंत सुंदर मानी जाती हैं और इनमें उम्र का असर देर से दिखाई देता है।
मूलांक 6 की प्रमुख विशेषताएं
कला, संगीत और सौंदर्य के प्रति गहरा लगाव,
सलीकेदार पहनावा और लग्जरी जीवनशैली,
विश्वसनीय, वफादार और उदार हृदय,
सामाजिक और लोकप्रिय व्यक्तित्व,
जीवन का भरपूर आनंद लेने की प्रवृत्ति,
करियर और कार्यक्षेत्र
मूलांक 6 वाले लोग रचनात्मक क्षेत्रों में खास सफलता पाते हैं। इनके लिए अनुकूल करियर हैं—
फिल्म, मीडिया और रंगमंच,
फैशन, ब्यूटी और इंटीरियर डिजाइनिंग,
होटल, खान-पान और लग्जरी बिजनेस,
मैनेजमेंट, शिक्षण और वकालत,
आभूषण, वस्त्र और कला से जुड़े व्यापार,
प्रेम, विवाह और रिश्ते
प्रेम और आकर्षण के मामले में मूलांक 6 बेहद प्रभावी होते हैं। ये जल्दी घुल-मिल जाते हैं और अच्छे मित्र साबित होते हैं। हालांकि, 30 वर्ष के बाद विवाह करना इनके लिए अधिक शुभ माना गया है। रिश्तों में वफादारी जरूरी है, क्योंकि संदेह या जल्दबाजी वैवाहिक जीवन में परेशानी ला सकती है।
आर्थिक स्थिति
इनकी आर्थिक स्थिति में उतार-चढ़ाव रहता है। आय अच्छी होती है, लेकिन खर्च भी अधिक होता है। मेहनत के दम पर ये धन अर्जित करते हैं, हालांकि कभी-कभी संपत्ति या धन से जुड़े कानूनी मामलों का सामना भी करना पड़ सकता है।
स्वास्थ्य से जुड़ी सावधानियां
शारीरिक रूप से मजबूत होने के बावजूद आत्मिक कमजोरी के कारण इन्हें— गला, नाक, फेफड़े, हृदय, शुगर और हार्मोन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। संतुलित खान-पान और संयमित जीवनशैली आवश्यक है।
शुभ रंग, दिन और उपाय
शुभ रंग: सफेद, गुलाबी, हल्का नीला,
शुभ दिन: सोमवार, मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार,
आराधना: मां लक्ष्मी और भगवान शिव,
दान: शुक्रवार को कन्याओं को खीर खिलाना, उपहार देना|
मूलांक 6 के प्रसिद्ध व्यक्ति
गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर, श्री अरविंदो, दलाई लामा, रानी विक्टोरिया, अभिनेता अनिल कपूर |
खास सलाह
जल्दबाजी में बड़े फैसले न लें, अहंकार से बचें और मन को भटकने से रोकें। संतुलित सोच और अनुशासन से मूलांक 6 वाले जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता पा सकते हैं।









