CBSE Experience Centre Opens: CBSE एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन, छात्रों को मिलेगा नया अनुभव
CBSE एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने नई दिल्ली के द्वारका स्थित CBSE इंटीग्रेटेड कॉम्प्लेक्स में CBSE एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन किया। इस केंद्र का उद्देश्य छात्रों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर प्रयोगों और वास्तविक अनुभवों के जरिए सीखने का अवसर देना है। यहां विद्यार्थी भारत में शिक्षा के इतिहास, आधुनिक तकनीक और भविष्य के करियर विकल्पों को समझ सकेंगे। 12 जोन और 21 एग्जिबिट्स से मिलेगी सीख CBSE एक्सपीरियंस सेंटर में कुल 12 जोन और 21 एग्जिबिट्स बनाए गए हैं। छात्र RFID आधारित स्मार्ट कार्ड की मदद से विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा ले सकेंगे। इन गतिविधियों से जुड़ी जानकारी और गेम आधारित लीडरबोर्ड भी उपलब्ध होंगे, जिससे सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक बनाया जा सकेगा। गुरुकुल से डिजिटल क्लासरूम तक की कहानी सेंटर में ‘शिक्षा की कहानी’ नाम से एक फिल्म दिखाई जाएगी, जिसमें भारत की शिक्षा व्यवस्था के विकास को दर्शाया गया है। इसमें गुरुकुल परंपरा और नालंदा जैसे प्राचीन शिक्षा केंद्रों से लेकर आधुनिक स्कूलों और डिजिटल क्लासरूम तक का सफर शामिल है। ऐतिहासिक तस्वीरों और दस्तावेजों के जरिए CBSE के विकास को भी समझाया जाएगा। इसके अलावा, पृथ्वी के लंबे भूवैज्ञानिक इतिहास को समझने के लिए इंटरैक्टिव टाइमलाइन बनाई गई है। छात्रों को करियर के नए विकल्पों की जानकारी केंद्र में ‘करियर एक्सप्लोरर’, ‘फ्यूचर ऑफ प्रोफेशंस’ और ‘मैजिक मिरर: फ्यूचर यू’ जैसे इंटरैक्टिव एग्जिबिट्स रखे गए हैं। इनके जरिए विद्यार्थी अलग-अलग पेशों और भविष्य में बदलते रोजगार के अवसरों के बारे में जान सकेंगे। यहां डॉ. भीमराव आंबेडकर और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम जैसी हस्तियों से जुड़े होलोग्राफिक अनुभव भी उपलब्ध होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की किताब ‘एग्जाम वॉरियर्स’ पर आधारित एक विशेष कियोस्क भी बनाया गया है। इसका उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के तनाव से निपटने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश देना है।