26 साल बाद मिला मौत का सच: भाखड़ा नहर की गहराई में दफन था पूरा हादसा
पंजाब के रोपड़ जिले में भाखड़ा नहर से बरामद हुई एक जंग लगी मारुति ओमनी वैन ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पानी के भीतर दिखाई दी रहस्यमयी गाड़ी को देखकर लोग हैरान थे, लेकिन जब भारी मशक्कत और जेसीबी की मदद से उस वैन को बाहर निकाला गया तो सामने आया सच बेहद दर्दनाक था। बताया जा रहा है कि यह वही वैन है, जो करीब 26 साल पहले चार लोगों समेत अचानक गायब हो गई थी। वैन के अंदर से इंसानी कंकाल, बच्चे की स्कूल यूनिफॉर्म, जूते और कई निजी सामान मिलने से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। शादी से लौटते वक्त गायब हुआ था पूरा परिवार यह घटना साल 2000 की बताई जा रही है। कोटला गांव के रहने वाले मुन्नी लाल, तेज राम, सुरजीत सिंह और सुरजीत का 8 वर्षीय बेटा कालू एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। चारों तेज राम की मारुति ओमनी वैन में सवार थे, जिसे उन्होंने हादसे से महज एक महीने पहले जमीन बेचकर खरीदा था। लेकिन उस रात के बाद चारों कभी घर नहीं पहुंचे। परिवार वालों ने हर जगह तलाश की, पुलिस और प्रशासन ने भी अभियान चलाया, लेकिन न तो गाड़ी मिली और न ही लोगों का कोई सुराग। परिवार ने जमीन बेचकर चलाया था तलाशी अभियान लापता लोगों के परिजनों ने वर्षों तक उम्मीद नहीं छोड़ी। निजी गोताखोरों को लगाया गया, लाखों रुपये खर्च किए गए और यहां तक कि परिवारों ने अपनी संपत्ति तक बेच दी। मुन्नी लाल की पत्नी सीता देवी ने बताया कि उनके पति पेस्ट्री शेफ थे और उन्हें खोजने में परिवार की सारी बचत खत्म हो गई। उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा उम्मीद थी कि एक दिन उनके पति वापस लौट आएंगे, लेकिन समय के साथ उम्मीद टूटती चली गई।