अंक ज्योतिष: Mulank 9: जन्मजात योद्धा और लीडर होते हैं मूलांक 9 वाले

जन्मजात योद्धा और लीडर होते हैं मूलांक 9 वाले

Comments

अंक ज्योतिष में मूलांक का विशेष महत्व होता है। किसी भी व्यक्ति की जन्म तारीख का जोड़ उसका मूलांक कहलाता है। यदि आपका जन्म 9, 18 या 27 तारीख को हुआ है, तो आपका मूलांक 9 बनता है। अंक ज्योतिष में मूलांक 9 को बेहद शक्तिशाली और प्रभावशाली माना गया है।

मूलांक 9 का स्वामी ग्रह मंगल
मूलांक 9 का स्वामी ग्रह मंगल है, जो साहस, ऊर्जा, पराक्रम और नेतृत्व का प्रतीक माना जाता है। इसी कारण मूलांक 9 वाले लोग जन्म से ही निडर, जोशीले और संघर्षशील होते हैं।

मूलांक 9 वालों का स्वभाव
मूलांक 9 के जातक साहसी, आत्मविश्वासी, अनुशासनप्रिय और सिद्धांतवादी होते हैं। ये लोग किसी भी परिस्थिति से डरते नहीं हैं और हर चुनौती का डटकर सामना करते हैं। इनके अंदर जन्मजात लीडरशिप क्वालिटी होती है, जिससे ये भीड़ में अलग पहचान बनाते हैं।

कमजोरियां
जहां एक ओर मूलांक 9 वाले तेज और प्रभावशाली होते हैं, वहीं दूसरी ओर गुस्सा, जिद और अधीरता इनकी सबसे बड़ी कमजोरी बन सकती है। कई बार अहंकार और स्वाभिमान के कारण इनके रिश्तों में दरार भी आ जाती है।

शिक्षा और बौद्धिक क्षमता
मूलांक 9 वाले पढ़ाई में तेज होते हैं। इनमें किसी भी विषय को जल्दी समझने और याद रखने की अद्भुत क्षमता होती है। कला और विज्ञान दोनों में इनकी रुचि देखी जाती है। कुछ मामलों में बचपन में शिक्षा में रुकावट आ सकती है, लेकिन बाद में ये उच्च शिक्षा प्राप्त करते हैं।

करियर और कार्यक्षेत्र
मूलांक 9 वाले लोग सेना, पुलिस, खेल, इंजीनियरिंग, डॉक्टर, राजनीति, बिजली या आग से जुड़े कार्यों में सफलता प्राप्त करते हैं। जोखिम भरे कार्यों में भी ये आगे रहते हैं और अपने साहस से नाम कमाते हैं।

आर्थिक स्थिति
इनकी आर्थिक स्थिति सामान्यतः उतार-चढ़ाव वाली रहती है। ये खर्चीले होते हैं, लेकिन जमीन-जायदाद और स्थायी संपत्ति बनाने में सफल रहते हैं। ससुराल पक्ष से भी इन्हें लाभ मिलने की संभावनाएं रहती हैं।

प्रेम और वैवाहिक जीवन
प्रेम के मामले में मूलांक 9 वाले समर्पित लेकिन स्वाभिमानी होते हैं। गुस्से और जिद के कारण इनके प्रेम संबंध लंबे समय तक टिक नहीं पाते। ये सुंदर, आज्ञाकारी और सम्मान देने वाला जीवनसाथी चाहते हैं।

स्वास्थ्य
मूलांक 9 वालों को बुखार, सिरदर्द, रक्त विकार, चोट या आग से संबंधित दुर्घटनाओं से सावधान रहना चाहिए। तनाव और क्रोध से दूरी रखना इनके लिए जरूरी है।

शुभ अंक, रंग और दिन
शुभ अंक: 9, 18, 27
अनुकूल अंक: 2, 3, 6, 9
प्रतिकूल अंक: 4, 5, 8
शुभ रंग: लाल, गुलाबी
शुभ दिन: मंगलवार, रविवार, सोमवार, गुरुवार

मूलांक 9 के लिए उपाय
मंगलवार को हनुमान जी की पूजा करें,
सिंदूर और चमेली का तेल अर्पित करें,
मंत्र जाप करें : “ॐ क्रां क्रीं क्रौं सः भौमाय नमः”
गुड़, तांबा और लाल वस्त्र का दान करें,
गुस्से पर नियंत्रण के लिए योग और ध्यान करें|