मायावती का 70वां जन्मदिन: 2027 में अकेले चुनाव का ऐलान

Comments
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने गुरुवार को लखनऊ में अपना 70वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी के राज्य मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और ब्लू बुक के 21वें संस्करण का विमोचन किया। मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका जन्मदिन बीते वर्षों से “जनकल्याणकारी दिवस” के रूप में मनाया जाता रहा है।
मायावती ने कहा कि बसपा ने हमेशा सर्व समाज के हित में काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की मौजूदा और पूर्ववर्ती सरकारें बसपा सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं के नाम बदलकर चला रही हैं, लेकिन आम जनता को उनका वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जातिवादी ताकतें बसपा के मूवमेंट को रोकने के लिए साम-दाम-दंड-भेद की नीति अपना रही हैं।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान
बसपा सुप्रीमो ने दो टूक शब्दों में कहा कि पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अकेले उतरेगी और किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि बसपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। मायावती ने बहुजन समाज के लोगों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और बसपा पर भरोसा बनाए रखें।
ब्राह्मण समाज पर विशेष फोकस
मायावती ने ब्राह्मण समाज को पार्टी के साथ जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार में ब्राह्मणों को पूरा सम्मान और भागीदारी दी गई थी और भविष्य में भी ऐसा ही किया जाएगा। उन्होंने भाजपा, सपा और कांग्रेस पर ब्राह्मण समाज की उपेक्षा करने का आरोप लगाया और कहा कि ब्राह्मण समाज को किसी के “बाटी-चोखा” के झांसे में नहीं आना चाहिए।
सपा और कांग्रेस पर हमला
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि सपा सरकार में गुंडों का बोलबाला रहा और दलितों पर अत्याचार हुए। उन्होंने लखनऊ गेस्ट हाउस कांड का जिक्र करते हुए सपा की मानसिकता को दलित-विरोधी बताया। कांग्रेस पर भी उन्होंने बसपा सरकार के विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया।
विकास कार्यों का श्रेय बसपा को
मायावती ने कहा कि मेट्रो रेल परियोजना, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और एक्सप्रेसवे जैसी बड़ी योजनाओं की नींव बसपा सरकार के कार्यकाल में रखी गई थी। बाद की सरकारें केवल इनका श्रेय ले रही हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शॉर्ट सर्किट
प्रेस वार्ता के दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट से धुआं उठने की घटना सामने आई, लेकिन फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया। इस दौरान मायावती ने बिना रुके अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस जारी रखी। बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बताया कि घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ।



