पूर्व मंत्री के बेटे की खुलेआम गुंडागर्दी: वीडियो वायरल होते ही पुलिस में मचा हड़कंप

Comments
मध्यप्रदेश के जबलपुर में सत्ता और रसूख के नशे का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पूर्व मंत्री एवं भाजपा के पूर्व विधायक अंचल सोनकर के बेटे राजा सोनकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक रैली के सामने सरेआम पिस्टल लहराते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने न सिर्फ शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि आम जनता में भी भय का माहौल बना दिया है।
कानून व्यवस्था के विरोध में निकली थी कांग्रेस रैली
मंगलवार (20 जनवरी) को कांग्रेस कार्यकर्ता जबलपुर में बढ़ते अपराध और पुलिस की कथित लापरवाही के विरोध में एक विशाल रैली निकाल रहे थे। रैली जैसे ही बेलबाग इलाके से होकर गुजरी और पूर्व विधायक अंचल सोनकर के निवास के पास पहुंची, तभी माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
बालकनी से पिस्टल लहराने का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक ऊंची इमारत की बालकनी से नीचे खड़े प्रदर्शनकारियों की ओर पिस्टल लहरा रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह युवक पूर्व विधायक अंचल सोनकर का बेटा राजा सोनकर है। इसी दौरान एक महिला द्वारा प्रदर्शनकारियों को चप्पल दिखाने का वीडियो भी सामने आया है, जिससे विवाद और गहरा गया।
कांग्रेस का आरोप – डराने और उकसाने की साजिश
घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि यह पूरी हरकत रैली को डराने और उकसाने की नीयत से की गई। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब खुलेआम हथियार का प्रदर्शन किया जा रहा था, तब पुलिस मौके पर क्यों नहीं थी। पार्टी ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने लिया मामले का संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जबलपुर के एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो में दिख रहा हथियार लाइसेंसी है या अवैध। जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने इस घटना को कानून व्यवस्था की पोल खोलने वाला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता से जुड़े लोगों को कानून का कोई डर नहीं रह गया है और आम जनता को खुलेआम डराने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले में पुलिस जांच जारी है और सभी की नजरें आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।



