IPL 2026: इतिहास के सबसे बड़े IPL रिकॉर्ड

इतिहास के सबसे बड़े IPL रिकॉर्ड

Comments

No comments yet. Be the first!

टी20 विश्व कप 2026 के समापन के बाद अब क्रिकेट फैंस की नजरें दुनिया की सबसे लोकप्रिय लीग इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 पर टिक गई हैं। 28 मार्च से शुरू हो रहे इस 19वें सीजन के लिए बीसीसीआई ने शुरुआती 16 दिनों का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसमें 10 अलग-अलग शहरों में 20 मुकाबले खेले जाएंगे।

डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ ओपनिंग मैच खेलेगी। लेकिन इस बार सिर्फ ट्रॉफी की नहीं, बल्कि इतिहास बदलने की भी जंग होगी।

IPL के वो ‘अटूट’ रिकॉर्ड, जिन पर टिकी हैं सबकी निगाहें

1. एक सीजन में सबसे ज्यादा रन – विराट कोहली (973 रन)

साल 2016 में विराट कोहली ने 973 रन बनाकर इतिहास रच दिया था। करीब 10 साल बाद भी यह रिकॉर्ड अटूट है। हालांकि शुभमन गिल (890) और जोस बटलर (863) इसके करीब पहुंचे, लेकिन इसे तोड़ना अब भी बड़ी चुनौती है।

2. सबसे बड़ी साझेदारी – कोहली-डिविलियर्स (229 रन)

2016 में RCB के लिए खेलते हुए विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने 229 रन की ऐतिहासिक साझेदारी की थी। T20 क्रिकेट में 200+ पार्टनरशिप आज भी दुर्लभ है, इसलिए यह रिकॉर्ड अब भी मजबूत खड़ा है।

 

 

3. सबसे बड़ी पारी – क्रिस गेल (175 रन*)

क्रिस गेल की 66 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी IPL इतिहास की सबसे बड़ी पारी है। उन्होंने सिर्फ 30 गेंदों में शतक ठोककर रिकॉर्ड बना दिया, जो आज तक कोई नहीं तोड़ सका।

4. डेब्यू में बेस्ट बॉलिंग – अल्जारी जोसेफ (6/12)

IPL 2019 में मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू करते हुए अल्जारी जोसेफ ने 12 रन देकर 6 विकेट लिए थे। यह सिर्फ डेब्यू ही नहीं, बल्कि IPL का बेस्ट बॉलिंग फिगर भी है।

5. सबसे ज्यादा हैट्रिक – अमित मिश्रा (3)

स्पिनर अमित मिश्रा के नाम IPL में सबसे ज्यादा 3 हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड है। युजवेंद्र चहल इस रिकॉर्ड के करीब हैं और IPL 2026 में इसे बराबर कर सकते हैं।

6. लगातार सबसे ज्यादा जीत – KKR (10 मैच)

गौतम गंभीर की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2014-15 में लगातार 10 मैच जीतकर रिकॉर्ड बनाया था। आज तक कोई टीम इस जीत के सिलसिले को नहीं तोड़ सकी है।

7. एक सीजन में सबसे ज्यादा कैच – एबी डिविलियर्स (19)

2016 में एबी डिविलियर्स ने 19 कैच पकड़े थे। ऋतुराज गायकवाड़ और रियान पराग करीब पहुंचे, लेकिन रिकॉर्ड नहीं टूट पाया।

8. कप्तानी में सबसे ज्यादा जीत – एमएस धोनी

एमएस धोनी ने IPL में 235 मैचों में कप्तानी करते हुए 136 जीत हासिल की हैं। यह रिकॉर्ड भी अब तक सुरक्षित है, और उनके करीब कोई नहीं पहुंच सका।

IPL 2026 में टूट सकते हैं ये रिकॉर्ड!

सबसे बड़ा रन चेज (262+) – हाल के आक्रामक खेल को देखते हुए संभव,

एक ओवर में 37+ रन – बल्लेबाजों की पावर हिटिंग से उम्मीद,

सबसे लोएस्ट टोटल (49) – खराब दिन किसी टीम को नीचे ला सकता है,

सबसे बड़ी पारी (175) – युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इरादा जताया,

ये रिकॉर्ड तोड़ना लगभग नामुमकिन!

973 रन (कोहली) – पूरे सीजन में लगातार फॉर्म जरूरी,

30 गेंदों में शतक (गेल) – असाधारण आक्रामकता की जरूरत,

14 साल की उम्र में शतक (वैभव सूर्यवंशी) – उम्र सीमा के कारण मुश्किल,

IPL 2026: क्या इतिहास बदलेगा?

हर साल IPL नए रिकॉर्ड बनाता है, लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे हैं जो समय के साथ और मजबूत होते जा रहे हैं। IPL 2026 में जहां एक ओर युवा खिलाड़ी इतिहास बदलने की कोशिश करेंगे, वहीं दिग्गजों के ये रिकॉर्ड उनके सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़े होंगे।

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस बार कोई खिलाड़ी या टीम इन ‘अटूट’ रिकॉर्ड्स को तोड़ पाएगी या फिर ये रिकॉर्ड एक और सीजन तक सुरक्षित रहेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

खबरे और भी है...