IPL 2026, RR vs MI: राजस्थान रॉयल्स की धमाकेदार जीत

Comments
No comments yet. Be the first!
गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में बारिश ने शुरुआत में खलल जरूर डाला, लेकिन जैसे ही खेल शुरू हुआ, राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों ने रन की ऐसी बरसात की कि मुंबई इंडियंस के गेंदबाज पूरी तरह भीग गए। करीब ढाई घंटे की देरी से शुरू हुए मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 11 ओवर में 150 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी का धमाका
राजस्थान की पारी की शुरुआत यशस्वी जायसवाल (77*) और 15 वर्षीय युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी (39) ने की। दोनों ने बिना किसी दबाव के जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट जैसे अनुभवी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
पहले तीन ओवर में ही दोनों ने 58 रन ठोक दिए, जो IPL इतिहास के सबसे तेज शुरुआतों में से एक है। सिर्फ 5 ओवर में 80 रन की साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। वैभव ने मात्र 19 गेंदों में 5 छक्के जड़े और अपनी निडर बल्लेबाजी से सभी को चौंका दिया। वहीं जायसवाल ने दूसरे छोर से पारी को संभालते हुए शानदार अर्धशतक जड़ा।
मुंबई इंडियंस की पारी लड़खड़ाई
150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती ओवरों में ही टीम के प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।
राजस्थान के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई को 9 विकेट पर 123 रन पर रोक दिया।
आर्चर ने पहला झटका दिया, बर्गर ने सूर्यकुमार यादव को आउट किया, संदीप शर्मा ने रोहित शर्मा को फंसाया, रवि बिश्नोई ने एक ही ओवर में हार्दिक और तिलक वर्मा को पवेलियन भेजा |
राजस्थान टॉप पर, मुंबई को नुकसान
इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स ने लगातार तीसरी जीत दर्ज कर 6 अंकों के साथ IPL 2026 की अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
वहीं पंजाब किंग्स 5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गई है। मुंबई इंडियंस को इस हार के बाद नुकसान हुआ है और टीम 7वें स्थान पर पहुंच गई है।
DC vs GT मैच पर मौसम का असर
आज दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा। लेकिन इस मैच पर भी बारिश का खतरा मंडरा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार:
बारिश की संभावना: 40–45%,
अधिकतम तापमान: 26°C,
न्यूनतम तापमान: 16°C,
तेज गेंदबाजों को मिल सकती है मदद, ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला ले सकती है।








