2025 में बेटियों ने बढ़ाया देश का मान: खेल, संस्कृति और शासन—हर मंच पर बेटियों की जीत

Comments
2025 भारत के इतिहास में एक ऐसा अध्याय बनकर दर्ज हुआ, जहां यह साल सिर्फ संघर्ष, सुरक्षा, आपदाओं, शासन और खेल से जुड़े मुद्दों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह वर्ष देश की बेटियों की अभूतपूर्व उपलब्धियों का प्रतीक भी बना। 2025 में भारतीय महिलाओं ने हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, साहस और नेतृत्व से यह साबित कर दिया कि वे देश की प्रगति की सबसे मजबूत नींव हैं।
सेना में महिलाओं ने बढ़ाया देश का मान
अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। जब कई महिलाओं के जीवन से सिंदूर उजड़ा, तब उसका जवाब देने की जिम्मेदारी भारतीय सेना की महिला अधिकारियों ने संभाली। मई में शुरू हुए ऑपरेशन सिंदूर में महिलाओं को अग्रणी भूमिका दी गई।
भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी और भारतीय वायुसेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन की मीडिया ब्रीफिंग का नेतृत्व किया और भारत की आतंकवाद विरोधी कार्रवाई को वैश्विक मंच पर मजबूती से रखा।
सोफिया कुरैशी बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास का नेतृत्व करने वाली पहली भारतीय महिला अधिकारी हैं और संयुक्त राष्ट्र शांति मिशनों में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। वहीं व्योमिका सिंह उस विशेष महिला टीम का हिस्सा रहीं, जिसने 21,650 फीट ऊंचे माउंट मणिरंग को फतह किया। इन उपलब्धियों ने सेना में महिला नेतृत्व को नई पहचान दी।
महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास
3 नवंबर 2025 को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए महिला वनडे विश्व कप 2025 का खिताब अपने नाम किया। कप्तान हरमनप्रीत कौर और उपकप्तान स्मृति मंधाना की अगुवाई में टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम को हराया और फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से मात दी।
यह जीत भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास में मील का पत्थर साबित हुई।
मैथिली ठाकुर: लोकगायिका से जनप्रतिनिधि तक
लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने 2025 में राजनीति में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर अलीनगर सीट से जीत दर्ज की और विधायक बनीं। वे देश की सबसे युवा विधायकों में शामिल हैं। संगीत के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक मंच पर उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा बनी।
साहित्य में भारत का परचम: बानू मुश्ताक और दीपा भष्ठी
कन्नड़ भाषा की लेखिका बानू मुश्ताक को उनकी पुस्तक ‘हार्ट लैंप’ के लिए वर्ष 2025 में बुकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुस्तक का अंग्रेजी अनुवाद करने वाली दीपा भष्ठी को भी यह सम्मान मिला।
‘हार्ट लैंप’ दक्षिण भारत की पितृसत्तात्मक समाज व्यवस्था पर आधारित 12 कहानियों का संग्रह है, जो महिला जीवन की पीड़ा, संघर्ष और सशक्तिकरण को उजागर करता है।
निर्मला सीतारमण: आर्थिक सुधारों की मजबूत कड़ी
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2025-26 के जरिए मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी। 12 लाख रुपये तक की आय को कर मुक्त किया गया और जीएसटी में किए गए संशोधनों से व्यापार और उपभोक्ताओं—दोनों को फायदा मिला। वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली।
हर क्षेत्र में महिला शक्ति की जीत
2025 में खेल, संस्कृति, साहित्य, प्रशासन, विज्ञान और सामाजिक सेवा—हर क्षेत्र में महिलाओं ने उल्लेखनीय योगदान दिया। अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने से लेकर नीति निर्माण और आपदा प्रबंधन तक, महिलाओं ने नेतृत्व की मिसाल पेश की।
2025: बेटियों का जश्न
कुल मिलाकर, Year Ender 2025 उन बेटियों का उत्सव है, जिन्होंने अपने सपनों, साहस और मेहनत से भारत का नाम रोशन किया। यह साल यह संदेश दे गया कि जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तो पूरा देश प्रगति की राह पर आगे बढ़ता है।




