महाकुंभ की ‘वायरल गर्ल’: मोनालिसा ने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से की शादी

Comments
प्रयागराज महाकुंभ 2025 में अपनी खूबसूरत आंखों और मासूम चेहरे की वजह से सोशल मीडिया पर वायरल हुई मोनालिसा भोसले एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी शादी है।
मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से केरल के एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी कर ली है। इस शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग इस इंटरफेथ मैरिज को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
महाकुंभ से शुरू हुई थी मोनालिसा की चर्चा
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर की रहने वाली मोनालिसा 2025 के प्रयागराज महाकुंभ में रुद्राक्ष की माला बेचती नजर आई थीं। उसी दौरान किसी ने उनकी फोटो सोशल मीडिया पर शेयर कर दी, जिसमें उनकी भूरी आंखों और सादगी ने लोगों का दिल जीत लिया। देखते ही देखते मोनालिसा इंटरनेट सेंसेशन बन गईं और उन्हें “महाकुंभ वायरल गर्ल” कहा जाने लगा।
इस अचानक मिली लोकप्रियता ने उनकी जिंदगी बदल दी। उन्हें मॉडलिंग ऑफर मिले, म्यूजिक वीडियो में काम मिला और फिल्मों में भी एंट्री का मौका मिला।
केरल के अरुमानूर मंदिर में हुई शादी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मोनालिसा और फरमान खान ने केरल के तिरुवनंतपुरम के पूवर स्थित अरुमानूर नैनार मंदिर में सादे समारोह में शादी की। शादी के दौरान दोनों ने मंदिर में भगवान के सामने माथा टेका और पुजारी से आशीर्वाद लिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में फैंस, मीडिया और स्थानीय नेता भी मौजूद थे। शादी समारोह में केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, सीपीएम के राज्य सचिव एम. वी. गोविंदन और सांसद ए. ए. रहीम भी शामिल हुए।
सांसद ए. ए. रहीम ने इस मौके पर कहा: “यह विवाह केरल की सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरा को दर्शाता है। शादियां स्वर्ग में तय होती हैं और वह स्वर्ग केरल है।”
वहीं शिक्षा मंत्री शिवनकुट्टी ने इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा, “यही असली केरल स्टोरी है।”
कैसा था मोनालिसा का ब्राइडल लुक
शादी के दौरान मोनालिसा पारंपरिक लाल साड़ी में बेहद खूबसूरत नजर आईं। मांग में सिंदूर, गले में नेकलेस, लाल वरमाला, साइड पार्टेड हेयरस्टाइल, वहीं दूल्हे फरमान खान सफेद शर्ट और पारंपरिक मुंडू में दिखाई दिए। दोनों साथ-साथ चलते हुए बेहद खुश नजर आए।
परिवार के विरोध के बाद लिया बड़ा फैसला
बताया जा रहा है कि मोनालिसा और फरमान करीब डेढ़ साल से रिलेशनशिप में थे। दोनों की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी।
हालांकि, अलग-अलग धर्म होने के कारण दोनों के परिवार इस रिश्ते के खिलाफ थे। मोनालिसा ने पुलिस को बताया कि उनके पिता उन्हें किसी और से शादी करने के लिए दबाव बना रहे थे। परिवार के विरोध के बाद दोनों केरल के तिरुवनंतपुरम पहुंचे और थंपनूर पुलिस स्टेशन में सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस ने जांच में पुष्टि की कि मोनालिसा बालिग हैं, इसलिए उन्हें अपनी पसंद से शादी करने का कानूनी अधिकार है।
पिता के साथ जाने से किया इंकार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोनालिसा के पिता उन्हें वापस घर ले जाने के लिए केरल पहुंचे थे, लेकिन उन्होंने उनके साथ जाने से इंकार कर दिया। परिवार ने शुरुआत में दावा किया था कि वह नाबालिग हैं, लेकिन पुलिस जांच में उनकी उम्र 18 वर्ष से अधिक पाई गई।
कौन हैं मोनालिसा के पति फरमान खान?
फरमान खान महाराष्ट्र के रहने वाले एक एक्टर और मॉडल हैं। उन्होंने कई मॉडलिंग प्रोजेक्ट्स में काम किया है, क्षेत्रीय सिनेमा से भी जुड़े रहे हैं, रिपोर्ट्स के मुताबिक उनका मूल संबंध उत्तर प्रदेश के बागपत से है, उनके पिता एक किसान हैं,
फरमान ने एक इंटरव्यू में कहा: “हम भले ही 6 महीने पहले मिले हों, लेकिन यह प्यार मुझे 60 साल पुराना लगता है।” उन्होंने यह भी कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और मंदिर और मस्जिद दोनों जाते हैं।
मोनालिसा ने खुद किया था प्रपोज
एक दिलचस्प बात यह भी सामने आई है कि फरमान को सबसे पहले मोनालिसा ने ही प्रपोज किया था। फरमान ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने यह प्रस्ताव ठुकरा दिया था, लेकिन बाद में दोनों के बीच दोस्ती गहरी होती गई और उनका रिश्ता प्यार में बदल गया।
फिल्मों में भी कर रही हैं डेब्यू
मोनालिसा अब एक्टिंग की दुनिया में कदम रख चुकी हैं। उनकी पहली फिल्म “द डायरी ऑफ मणिपुर” है, इसका ट्रेलर फरवरी 2026 में रिलीज हुआ, इसके अलावा वह निर्देशक पी. बिनु वर्गीज की मलयालम फिल्म “नगम्मा” की शूटिंग कर रही हैं, फैंस उनकी फिल्मी पारी को लेकर काफी उत्साहित हैं।
सोशल मीडिया पर छाई शादी
मोनालिसा और फरमान की शादी की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। कुछ लोग इस शादी को प्यार की जीत बता रहे हैं, तो कुछ इसे लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।
हालांकि कपल ने साफ कहा है कि उनकी शादी प्यार और आपसी समझ पर आधारित है और इसमें किसी तरह का “लव जिहाद” नहीं है।



