सोना-चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड: गोल्ड ₹1.43 लाख के पार, सिल्वर ₹2.91 लाख

गोल्ड ₹1.43 लाख के पार, सिल्वर ₹2.91 लाख

Comments

मल्टी कमोडिटी मार्केट (MCX) में सोना और चांदी की कीमतों ने ऐतिहासिक ऊंचाई छू ली है। इस सप्ताह लगातार तेजी के चलते दोनों कीमती धातुओं ने निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। मजबूत निवेशक मांग, बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक नीतिगत अनिश्चितता ने बुलियन मार्केट को जबरदस्त सपोर्ट दिया है।

MCX पर सोने ने पिछले 15 दिनों में 5 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की है, जबकि एक साल में यह करीब 80 फीसदी चढ़ चुका है। वहीं चांदी ने और भी शानदार प्रदर्शन किया है। साल 2026 में अब तक चांदी 15 फीसदी से ज्यादा मजबूत हुई है और बीते एक साल में निवेशकों को 190 फीसदी से अधिक का रिटर्न दे चुकी है।

सोना-चांदी के मौजूदा रेट
बुधवार को MCX पर सोने की कीमत सर्वकालिक उच्च स्तर ₹1,43,590 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई। घरेलू बाजार में यह लगभग 0.67 प्रतिशत बढ़कर ₹1,43,201 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई। वहीं चांदी की कीमत MCX पर ₹2,91,406 प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई, जबकि घरेलू बाजार में यह करीब 5 प्रतिशत बढ़कर ₹2,89,000 प्रति किलो पर बंद हुई।

एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं?
रिद्धि सिद्धि बुलियंस के प्रबंध निदेशक और इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष पृथ्वीराज कोठारी का कहना है कि वैश्विक राजनीतिक अस्थिरता, फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता और बढ़ते जियो-पॉलिटिकल टेंशन के कारण निवेशक सुरक्षित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। अमेरिका की वेनेजुएला में बढ़ती भागीदारी और ईरान में अशांति के बीच संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंकाओं ने भी सोना-चांदी की मांग को मजबूत किया है।

मोतीलाल ओसवाल ने 2026 को कमोडिटी के लिए “परिवर्तन का साल” बताया है। ब्रोकरेज के मुताबिक केंद्रीय बैंकों की निरंतर खरीद, सीमित आपूर्ति और स्थिर निवेशक मांग के कारण बुलियन की कीमतों में मजबूती बनी रहेगी।

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन की उपाध्यक्ष अक्षा कंबोज के अनुसार, मौसमी मांग और सुरक्षित निवेश की भावना ने सोने की कीमतों को मजबूत आधार दिया है और वैश्विक तनाव के चलते आगे भी तेजी की संभावना बनी हुई है।

आगे कहां तक जाएंगे दाम?
विश्लेषकों का मानना है कि तेजी के बाजार में चांदी आमतौर पर सोने से 1.5 से 2 गुना ज्यादा बढ़ती है। SAMCO सिक्योरिटीज के अनुसार MCX पर चांदी की कीमतें आने वाले समय में ₹3.94 लाख प्रति किलो तक जा सकती हैं। वहीं मोतीलाल ओसवाल का अनुमान है कि सोना ₹1.60 लाख प्रति 10 ग्राम के स्तर को छू सकता है।

क्या अभी खरीदारी करनी चाहिए?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि मौजूदा स्तर पर निवेशकों को एकमुश्त निवेश से बचते हुए स्टेप-बाय-स्टेप या लॉन्ग टर्म रणनीति अपनानी चाहिए। अस्थिरता के बीच सोना-चांदी अभी भी सुरक्षित निवेश विकल्प बने हुए हैं, लेकिन जोखिम प्रबंधन जरूरी है।

खबरे और भी है...