BMC चुनाव के कारण आज बंद रहा शेयर बाजार: सेटलमेंट और क्लियरिंग पर क्या पड़ा असर

सेटलमेंट और क्लियरिंग पर क्या पड़ा असर

Comments

महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव (Maharashtra BMC Elections 2026) के चलते आज गुरुवार, 15 जनवरी 2026 को भारतीय शेयर बाजार पूरी तरह बंद रहा। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों पर आज किसी भी तरह की ट्रेडिंग नहीं हुई।

BSE और NSE ने इस संबंध में संशोधित सर्कुलर जारी कर स्पष्ट किया कि आज इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स, करेंसी सेगमेंट और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स में कोई कारोबार नहीं होगा। पहले इस दिन को केवल सेटलमेंट हॉलिडे घोषित किया गया था, लेकिन बाद में बैंकिंग और क्लियरिंग सिस्टम बंद रहने के कारण इसे पूर्ण ट्रेडिंग हॉलिडे में बदल दिया गया।

डेरिवेटिव्स की एक्सपायरी बदली
BSE ने अपने सर्कुलर में बताया कि जिन इक्विटी डेरिवेटिव्स कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी 15 जनवरी 2026 को होनी थी, उन्हें एक दिन पहले यानी 14 जनवरी 2026 को एक्सपायर कर दिया गया है। इन बदलावों को कॉन्ट्रैक्ट मास्टर फाइल में अपडेट कर दिया गया है।

सेटलमेंट और क्लियरिंग भी ठप
एक्सचेंज और क्लियरिंग कॉर्पोरेशन ने यह भी साफ किया कि आज T+1 और T+0 से जुड़े किसी भी प्रकार के सेटलमेंट नहीं होंगे, क्योंकि महाराष्ट्र सरकार ने नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। बैंक, सरकारी दफ्तर और पीएसयू बंद रहने के कारण यह फैसला लिया गया।

क्यों लिया गया छुट्टी का फैसला
आज महाराष्ट्र की 29 नगर निगमों में मतदान हो रहा है। मुंबई समेत कई इलाकों में वोटिंग के कारण राज्य सरकार ने सार्वजनिक छुट्टी घोषित की है, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। इसी वजह से शेयर बाजार को भी बंद रखा गया।

नितिन कामत ने जताई नाराजगी
जीरोधा के को-फाउंडर नितिन कामत ने शेयर बाजार बंद रहने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि किसी स्थानीय चुनाव की वजह से पूरे देश का शेयर बाजार बंद करना खराब प्लानिंग को दर्शाता है। कामत के अनुसार, भारतीय एक्सचेंज अब ग्लोबल फाइनेंशियल सिस्टम से जुड़े हैं और ऐसे फैसले विदेशी निवेशकों के बीच भारत की गंभीरता पर सवाल खड़े करते हैं।

2026 में शेयर बाजार की प्रमुख छुट्टियां
इस नई छुट्टी के साथ साल 2026 में कुल 16 ट्रेडिंग हॉलिडे होंगे (वीकेंड को छोड़कर)।
26 जनवरी (गणतंत्र दिवस), 3 मार्च (होली), 26 मार्च (राम नवमी), 31 मार्च (महावीर जयंती), 3 अप्रैल (गुड फ्राइडे), 14 अप्रैल (अंबेडकर जयंती), 1 मई (महाराष्ट्र दिवस), 28 मई (बकरीद), 26 जून (मुहर्रम), 14 सितंबर (गणेश चतुर्थी), 2 अक्टूबर (गांधी जयंती), 20 अक्टूबर (दशहरा), 10 नवंबर (दिवाली), 24 नवंबर (गुरु नानक जयंती) और 25 दिसंबर (क्रिसमस) को बाजार बंद रहेगा।

निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए जरूरी है कि वे BSE-NSE हॉलिडे कैलेंडर 2026 पहले से चेक करें, ताकि ट्रेडिंग प्लान में किसी तरह की गड़बड़ी न हो।

खबरे और भी है...