गाजियाबाद कॉलेज फेस्ट में सुरक्षा चूक: स्टेज पर अचानक पहुंचा युवक

स्टेज पर अचानक पहुंचा युवक

Comments

No comments yet. Be the first!

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित RKGIT इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित कॉलेज फेस्ट उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा अपने लाइव परफॉर्मेंस के दौरान अचानक एक युवक को स्टेज पर अपने बेहद करीब आता देख घबरा गईं। यह घटना इतनी अप्रत्याशित थी कि कुछ पल के लिए पूरा कार्यक्रम स्थल तनावपूर्ण हो गया।

सुरक्षा में बड़ी चूक ने खड़े किए सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए सीधे स्टेज तक पहुंच गया और सुनंदा शर्मा के पैर छूने तथा उन्हें फिजिकल टच करने की कोशिश की। इस दौरान सिंगर बुरी तरह डर गईं और उनकी चीख निकल गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और सिक्योरिटी टीम ने तत्काल युवक को स्टेज से नीचे उतार दिया, लेकिन इस घटना ने आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अधूरा छोड़ना पड़ा शो

घटना से मानसिक रूप से विचलित सुनंदा शर्मा ने अपना परफॉर्मेंस बीच में ही रोक दिया और स्टेज छोड़कर चली गईं। दर्शकों के लिए यह बेहद चौंकाने वाला पल था, क्योंकि माहौल पूरी तरह उत्सव से तनाव में बदल गया था।

 

 

आरोपी छात्र ने वीडियो जारी कर मांगी माफी

घटना के बाद आरोपी छात्र शिवांग पांडेय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सार्वजनिक माफी मांगी। उसने कहा कि वह सुनंदा शर्मा का बहुत बड़ा फैन है और उसका इरादा गलत नहीं था। उसने स्वीकार किया कि उसके व्यवहार से सिंगर को ठेस पहुंची और कार्यक्रम बाधित हुआ, जिसके लिए वह शर्मिंदा है।

सुनंदा शर्मा ने दिखाई संवेदनशीलता

सुनंदा शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि घटना से वह घबरा गई थीं, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि छात्र की नीयत खराब थी। उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से अपील की कि छात्र को माफ कर दिया जाए, क्योंकि कई बार प्रशंसक प्यार जताने में गलती कर बैठते हैं। उनकी इस अपील की सोशल मीडिया पर सराहना हो रही है।

कॉलेज प्रबंधन की कार्रवाई

कॉलेज प्रशासन ने इस घटना को अनुशासनहीनता मानते हुए छात्र के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की बात कही गई है।

 

 

खबरे और भी है...