अर्जुन तेंदुलकर की शादी: राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत दिग्गज नेताओं को सचिन ने दिया न्योता

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और ‘मास्टर ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर मंगलवार को अपने परिवार के साथ राजधानी दिल्ली पहुंचे। इस खास दौरे का उद्देश्य था अपने बेटे अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक की शादी का निमंत्रण देश की प्रमुख हस्तियों को देना।
सचिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात कर शादी का कार्ड भेंट किया। इस दौरान तेंदुलकर परिवार के साथ सानिया चंडोक और उनका परिवार भी मौजूद रहा।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से खास मुलाकात
सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि पिछली मुलाकात की यादें ताजा हो गईं और उन्होंने अर्जुन-सानिया को आशीर्वाद देने के लिए राष्ट्रपति का आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए सचिन ने लिखा कि युवा जोड़े के लिए पीएम के आशीर्वाद और सलाह पाकर वे सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
इसके अलावा, सचिन ने गृह मंत्री अमित शाह और राहुल गांधी से भी मुलाकात कर उन्हें शादी का निमंत्रण दिया।
5 मार्च को होगी शादी, प्राइवेट सेरेमनी में शामिल होंगे करीबी
रिपोर्ट्स के मुताबिक अर्जुन तेंदुलकर और सानिया चंडोक की शादी की रस्में 3 मार्च से शुरू होंगी, जबकि 5 मार्च को मुंबई में एक निजी समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केवल करीबी परिवार और दोस्त ही शामिल होंगे। दोनों की सगाई पिछले साल अगस्त में बेहद निजी समारोह में हुई थी।
कौन हैं सानिया चंडोक?
सानिया चंडोक एक प्रतिष्ठित बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वे ग्रेविस ग्रुप के चेयरमैन रवि घई की पोती हैं। उनका परिवार हॉस्पिटैलिटी और फूड इंडस्ट्री में बड़ा नाम है। सानिया ‘Mr. Paws Pet Spa & Store LLP’ की डिज़ाइनेटेड पार्टनर और डायरेक्टर हैं। यह वेंचर पालतू जानवरों की ग्रूमिंग और स्किनकेयर सेवाएं प्रदान करता है।
दिल्ली में निमंत्रण के दौरान सानिया का ब्राइट पिंक सूट, मिनिमल जूलरी और सादगी भरा अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहा।
अर्जुन तेंदुलकर का क्रिकेट करियर
अर्जुन तेंदुलकर एक तेज गेंदबाज ऑलराउंडर हैं। उन्होंने 2022 में गोवा के लिए रणजी ट्रॉफी डेब्यू में शतक लगाकर सुर्खियां बटोरी थीं।
IPL में 5 मैच खेले, 3 विकेट लिए,
2023 में मुंबई इंडियंस से डेब्यू,
2026 सीजन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) में ट्रेड,
घरेलू क्रिकेट में गोवा टीम का प्रतिनिधित्व,
देसी अंदाज में दिखा तेंदुलकर परिवार
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान सचिन तेंदुलकर नीले कुर्ते और सफेद पजामे के साथ जैकेट में नजर आए। अर्जुन ने बेज रंग का कुर्ता पहना, जबकि सानिया ने गुलाबी सूट में सादगी और एलिगेंस का खूबसूरत संगम पेश किया। अंजलि तेंदुलकर और सारा तेंदुलकर का पारंपरिक लुक भी सोशल मीडिया पर सराहा गया, लेकिन सानिया का स्टाइल खास चर्चा में रहा।
सचिन द्वारा साझा की गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। फैंस अर्जुन और सानिया को नई जिंदगी की शुभकामनाएं दे रहे हैं।





