पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा: भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या

भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या
प्रतिक्रियाएँ
Kunal Rao

Kunal Rao

0 सेकंड पहले

Gawahon ki suraksha bhi utni hi zaroori hai.

CommentsReactionsFeedback

पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। इसी बीच भाजपा नेता और विपक्ष के प्रमुख चेहरे शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी है। नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में बुधवार देर रात हुई इस वारदात ने बंगाल की कानून व्यवस्था और राजनीतिक हिंसा को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि चंद्रनाथ रथ कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल चंद्रनाथ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में उनके ड्राइवर बुद्धदेब बेरा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

 

फर्जी नंबर प्लेट वाली सिल्वर कार बनी जांच का केंद्र
पुलिस जांच में सबसे बड़ा खुलासा उस सिल्वर रंग की कार को लेकर हुआ है, जिससे चंद्रनाथ रथ की गाड़ी का रास्ता रोका गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी और गाड़ी के चेसिस नंबर भी मिटा दिए गए थे। सूत्रों के मुताबिक, यह कोई साधारण वारदात नहीं बल्कि बेहद सुनियोजित हमला था। हमलावरों ने पहले से इलाके की रेकी की थी और ऐसी जगह चुनी जहां से भागने के कई रास्ते मौजूद थे।
जांच एजेंसियों का मानना है कि हमलावरों ने पूरी योजना के तहत सड़क जाम कर स्कॉर्पियो को रुकने पर मजबूर किया और फिर बाइक सवार शूटर ने बेहद करीब से गोलियां चलाईं।

 

चंद्रनाथ रथ को लगीं कई गोलियां, ड्राइवर की हालत गंभीर
घटना रात करीब 10:20 से 10:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। जैसे ही चंद्रनाथ रथ की गाड़ी मुख्य सड़क से उनके घर की ओर मुड़ी, सामने से आई एक कार ने रास्ता रोक दिया। इसके बाद बाइक सवार हमलावर मौके पर पहुंचे और स्कॉर्पियो की खिड़की के बेहद करीब जाकर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावर ने बंदूक शीशे से सटाकर गोलियां दागीं ताकि चंद्रनाथ की मौत सुनिश्चित हो सके।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ को 3 से 4 गोलियां लगीं, जिनमें दो गोलियां सीने को आर-पार कर गईं। एक गोली पेट में लगी। वहीं ड्राइवर भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

ग्लॉक 47X पिस्टल के इस्तेमाल की आशंका, प्रोफेशनल शूटर्स पर शक
फोरेंसिक जांच के शुरुआती इनपुट्स ने मामले को और गंभीर बना दिया है। सूत्रों के अनुसार हमलावरों ने ग्लॉक 47X जैसे मॉडर्न हथियार का इस्तेमाल किया। सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि ऐसे हथियार आम अपराधियों के पास नहीं होते और हमला बेहद प्रोफेशनल तरीके से अंजाम दिया गया। हमलावर हेलमेट और कैप पहने हुए थे ताकि पहचान छिपाई जा सके। जिस बाइक का इस्तेमाल किया गया, उस पर भी नंबर प्लेट नहीं थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार छोड़कर बाइक से फरार हो गए।

 

सीसीटीवी फुटेज और रूट मैप खंगाल रही पुलिस
घटनास्थल आबादी वाला इलाका बताया जा रहा है, जहां कई CCTV कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस अब इलाके के सभी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की मूवमेंट और एंट्री-एग्जिट रूट का पता लगाया जा सके। सूत्रों का कहना है कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की गाड़ी का पीछा कहां से शुरू किया था और क्या किसी ने उनकी लोकेशन पहले से ट्रैक की थी।

 

भाजपा ने TMC पर लगाए आरोप, TMC ने मांगी CBI जांच
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद भाजपा ने सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर निशाना साधा है। शुभेंदु अधिकारी ने इस हत्या को “प्लान्ड मर्डर” बताते हुए कहा कि पिछले 2-3 दिनों से रेकी की जा रही थी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन साथ ही कहा कि भाजपा बंगाल में “गुंडाराज” खत्म करने के लिए बड़ा आंदोलन करेगी। वहीं TMC ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए इस मामले की कोर्ट मॉनिटरिंग में CBI जांच की मांग की है। पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि चंद्रनाथ रथ की हत्या बेहद निंदनीय है और दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

 

चुनाव परिणाम के बाद बंगाल में हिंसा का दौर जारी
राज्य में 4 मई को चुनावी नतीजे आने के बाद से राजनीतिक हिंसा की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक 5 लोगों की हत्या हो चुकी है, जिनमें भाजपा और TMC दोनों दलों से जुड़े लोग शामिल हैं।
चंद्रनाथ रथ की हत्या ने बंगाल की राजनीति में तनाव को और बढ़ा दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच, फोरेंसिक रिपोर्ट और संभावित CBI जांच पर टिकी हुई है।

प्रतिक्रियाएँ
Kunal Rao

Kunal Rao

0 सेकंड पहले

Gawahon ki suraksha bhi utni hi zaroori hai.

CommentsReactionsFeedback

खबरे और भी है...