बुढार श्मशान घाट, अधूरा पड़ा कोई सुविधा नहीं : श्मशान घाट में सुविधा नहीं, झाड़ियों का कब्जा!

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
श्मशान घाट में सुविधा नहीं, झाड़ियों का कब्जा! बुढार के भुतही मोहल्ला में जिम्मेदारों की अनदेखी से बढ़ी परेशानी
शहडोल जिले के बुढार नगर के भुतही मोहल्ला वार्ड नंबर 1 स्थित श्मशान घाट की बदहाल स्थिति इन दिनों जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। बताया जा रहा है कि श्मशान घाट का निर्माण कार्य पिछले कई वर्षों से अधूरा पड़ा है, लेकिन अब तक इसे पूरा कराने को लेकर जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है।
श्मशान घाट परिसर में पेड़-पौधों और झाड़ियों का कब्जा बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव के अभाव में जगह-जगह झाड़ियां उग आई हैं। ऐसे में यहां आने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर होने की आशंका है।
बरसात के दौरान श्मशान घाट तक आने-जाने वाले लोगों को कीचड़, पानी और झाड़ियों के बीच से गुजरने की मजबूरी हो सकती है। वहीं झाड़ियों के बीच सांप-बिच्छू समेत अन्य जीव-जंतुओं का खतरा भी बना रहता है। इसके बावजूद श्मशान घाट में लोगों के रुकने और बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था तक नहीं है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि श्मशान घाट जैसी आवश्यक जगह पर कम से कम साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, बारिश से बचने के लिए शेड, प्रकाश और सुरक्षित आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। लेकिन वर्षों से अधूरा पड़ा निर्माण और परिसर में बढ़ती झाड़ियां व्यवस्था की पोल खोल रही हैं
सबसे बड़ा सवाल सरकारी धन के उपयोग को लेकर भी उठ रहा है। यदि श्मशान घाट के विकास के लिए राशि स्वीकृत हुई और निर्माण कार्य शुरू हुआ, तो आखिर कई साल बीतने के बाद भी काम अधूरा क्यों पड़ा है? क्या सरकारी धन का उपयोग सही तरीके से हो रहा है या फिर विकास कार्य सिर्फ कागजों तक सीमित होकर रह गए हैं?
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका और शासन-प्रशासन से मांग की है कि भुतही मोहल्ला वार्ड नंबर 1 स्थित श्मशान घाट का अधूरा निर्माण जल्द पूरा कराया जाए। साथ ही परिसर की तत्काल साफ-सफाई कराकर झाड़ियों को हटाया जाए और बारिश से पहले लोगों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

