भीषण गर्मी से धधके देश के जंगल: उत्तराखंड-हिमाचल में हालात गंभीर
देशभर में लगातार बढ़ रही गर्मी और तापमान में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के कारण जंगलों में आग लगने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों के जंगल भयंकर आग की चपेट में हैं। आग की विकराल लपटों ने वन संपदा, वन्यजीवों और आसपास रहने वाले लोगों के लिए बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। कई इलाकों में प्रशासन को लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा है। हिमाचल प्रदेश के जंगलों में भड़की भीषण आग हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के क्यारीघाट गांव और कंडाघाट क्षेत्र के जंगलों में आग ने भयावह रूप ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। प्रशासन और वन विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं। तेज गर्मी और सूखी वनस्पतियों की वजह से आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की संभावना जताई है, जिससे राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल इलाके के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। कसौली के जंगलों तक पहुंची आग हिमाचल प्रदेश के कसौली क्षेत्र में भी जंगलों में आग ने तबाही मचा दी। एयर फोर्स स्टेशन के पास शुरू हुई आग तेजी से आसपास के जंगलों में फैल गई। हालात को देखते हुए फॉरेस्ट विभाग, दमकल विभाग और भारतीय वायु सेना की मदद ली गई। हेलिकॉप्टर के जरिए पानी का छिड़काव कर आग पर काफी हद तक काबू पाया गया।