बेटी की शादी के पैसे चोरी, बुढ़ार में वारदात: मजदूर मां की जमा पूंजी पर चोर ने किया हाथ साफ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
बेटी की शादी के लिए जोड़ी रकम चोरी, बुढ़ार में मजदूर परिवार के घर वारदात
बुढ़ार/शहडोल। बेटी की शादी के लिए मजदूरी कर पाई-पाई जोड़कर रखी करीब 61 हजार रुपये की नकदी और चांदी के जेवर चोरी होने से एक परिवार की खुशियां चिंता में बदल गईं। घटना बुढ़ार थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 5 की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक करीब 40 वर्षीय सुमन सोनकर मजदूरी का काम करती हैं। उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए लंबे समय से मेहनत की कमाई में से रुपये बचाकर रखे थे। नकदी के साथ घर में करीब 80 हजार रुपये कीमत के चांदी के जेवर भी रखे हुए थे।
बताया गया कि परिवार के घर से बाहर रहने के दौरान अज्ञात चोर ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी नकदी व जेवर लेकर फरार हो गया। घर लौटने पर ताला टूटा मिलने और सामान बिखरा देखकर परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद मामले की सूचना बुढ़ार पुलिस को दी गई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू करते हुए संदेह के आधार पर स्थानीय होटल में काम करने वाले एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान युवक ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब चोरी की रकम और जेवरों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
शादी की तैयारियों के बीच बढ़ी चिंता
मजदूरी की कमाई से बेटी के विवाह के लिए जुटाई गई रकम चोरी हो जाने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार को उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही चोरी का पूरा सामान बरामद कर राहत दिलाएगी।
पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना को लेकर पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

