अनूपपुर, गोवंश, सड़क हादसा, : अनूपपुर में लापरवाही की इंतहा: जेल भवन के पास बीच सड़क पर पड़ा रहा गोवंश का शव

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
12 से 24 घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा मृत गोवंश, सैकड़ों वाहन और अधिकारी गुजरते रहे, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई; आवारा पशु छोड़ने वालों पर सख्त कानून बनाने की उठी मांग
अनूपपुर जिला मुख्यालय अनूपपुर के अमरकंटक रोड स्थित जिला जेल बिल्डिंग से लगभग 200–300 मीटर की दूरी पर प्रशासनिक लापरवाही और संवेदनहीनता की तस्वीर सामने आई है। यहां एक मृत गोवंश का शव लगभग 12 से 24 घंटे तक मुख्य सड़क पर पड़ा रहा, लेकिन उसे हटाने के लिए कोई जिम्मेदार विभाग मौके पर नहीं पहुंचा।
यह मार्ग शहर का प्रमुख और व्यस्त मार्ग माना जाता है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। इसी रास्ते से कई शासकीय वाहन, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी आवागमन करते हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या किसी की नजर इस मृत गोवंश पर नहीं पड़ी, या फिर देखकर भी अनदेखा कर दिया गया?
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के बीच पड़े शव से दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहा। इसके बावजूद नगर पालिका, पशुपालन विभाग और संबंधित जिम्मेदार विभागों ने समय पर कोई कार्रवाई नहीं की। यह स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
आवारा पशु छोड़ने वालों पर भी हो सख्त कार्रवाई
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि केवल शव हटाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन लोगों की भी पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए जो अपने मवेशियों को सड़कों पर आवारा छोड़ देते हैं। ऐसे पशु अक्सर सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं और उनकी मौत के बाद भी उन्हें लावारिस छोड़ दिया जाता है। नागरिकों ने सरकार से इस संबंध में सख्त कानून लागू करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

