सोन नदी में अचानक पहुंची टीम: तीन मिनी ट्रक कार्रवाई की जद में

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
सोन नदी में सुबह-सुबह खनिज विभाग की दबिश, रेत लोडिंग में जुटे वाहनों पर कार्रवाई; 3 मिनी ट्रक जब्त
शहडोल। जिले में अवैध रेत के कारोबार पर प्रशासन ने निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार तड़के बुढार थाना क्षेत्र के बटली घाट स्थित सोन नदी में खनिज विभाग की टीम ने अचानक कार्रवाई की। नदी क्षेत्र में रेत निकालकर वाहनों में लोड किए जाने की सूचना पर पहुंची टीम ने मौके से तीन मिनी ट्रक जब्त किए।
बताया गया कि खनिज विभाग को बटली घाट पर बड़े पैमाने पर रेत निकाले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले के नेतृत्व में टीम ने सुबह नदी क्षेत्र में पहुंचकर जांच शुरू की।
मौके पर पहुंचते ही टीम ने नदी के भीतर बड़ी संख्या में मजदूरों को रेत निकालने और उसे मिनी ट्रकों में भरने की गतिविधि में पाया। कार्रवाई की भनक लगते ही वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
जांच के दौरान नदी क्षेत्र में तीन मिनी ट्रक पाए गए, जिन्हें खनिज अमले ने जब्त कर लिया। वाहनों से जुड़े चालकों को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
कार्रवाई के दौरान एक अन्य वाहन को लेकर चालक मौके से निकल गया। विभाग के अनुसार फरार वाहन की पहचान रवि यादव के वाहन के रूप में की गई है। वाहन की पहचान होने के बाद उसे भी जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जब्त किए गए तीनों मिनी ट्रकों को सुरक्षा की दृष्टि से बुढार थाना परिसर में खड़ा कराया गया। कार्रवाई के बाद खनिज विभाग ने पुलिस को भी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
सिर्फ नदी में चल रहे कथित अवैध उत्खनन तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रही। जैतपुर तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से जमा की गई रेत के खिलाफ भी प्रशासन ने कार्रवाई की।
ग्राम कमता में करीब 150 घनमीटर और लुकामपुर में तीन अलग-अलग स्थानों से कुल 180 घनमीटर रेत का अवैध भंडारण चिन्हित किया गया। प्रशासन ने इन स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 330 घनमीटर रेत का विनिष्टीकरण कराया।
रेत कारोबारियों में बढ़ी हलचल
सोन नदी के बटली घाट में कार्रवाई और जैतपुर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध रेत के भंडारण पर कार्रवाई के बाद रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन से जुड़े लोगों में हलचल बढ़ गई है।
खनिज विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण की गतिविधियों पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई ने यह भी साफ किया है कि नदी घाटों और अवैध रेत भंडारण वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है। फरार वाहन को लेकर भी विभाग की कार्रवाई आगे बढ़ रही है।

