CBSE Board Exam 2026: छात्रों में मचा हड़कंप

छात्रों में मचा हड़कंप

Comments

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 12 की एप्लाइड मैथमैटिक्स परीक्षा के प्रश्नपत्र में छपे QR कोड को लेकर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। छात्रों ने जब प्रश्नपत्र पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन किया तो वह सीधे YouTube पर एक वीडियो से लिंक हो गया।
इस घटना के बाद कई छात्रों और अभिभावकों में यह चिंता फैल गई कि कहीं उन्हें नकली या गलत प्रश्नपत्र तो नहीं दिया गया था। देखते ही देखते यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

एप्लाइड मैथ्स पेपर में सामने आई तकनीकी गड़बड़ी
9 मार्च को देशभर में CBSE बोर्ड की 12वीं कक्षा की गणित (Applied Mathematics) की परीक्षा आयोजित की गई थी। हर प्रश्नपत्र के पहले पेज पर एक QR कोड दिया जाता है, जिसका उद्देश्य पेपर की प्रामाणिकता और सुरक्षा की पुष्टि करना होता है। लेकिन इस बार जब छात्रों ने उस कोड को स्कैन किया, तो उन्हें अपेक्षित जानकारी की जगह YouTube का एक लिंक दिखाई दिया।

स्कैन करते ही चलने लगा ‘Never Gonna Give You Up’
सोशल मीडिया पर सामने आए पोस्ट के मुताबिक, QR कोड स्कैन करने पर 1987 में रिलीज हुआ मशहूर गाना “Never Gonna Give You Up” चलने लगा। यह गाना इंटरनेट पर लोकप्रिय “Rickroll” मीम से जुड़ा हुआ है। यह मीम साल 2007 से इंटरनेट संस्कृति का हिस्सा बन चुका है, जिसमें किसी लिंक पर क्लिक करने पर अचानक यही गाना चल जाता है। जब छात्रों ने यह देखा तो कई लोग हैरान रह गए और मजाक में कहने लगे कि “CBSE पेपर सेट करने वाला शायद मीम कल्चर का बड़ा फैन है।”

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
एक वायरल वीडियो में एक छात्रा अपने मैथ्स के पेपर को दिखाते हुए QR कोड स्कैन करती है। जैसे ही वह कोड स्कैन करती है, फोन में YouTube खुल जाता है और Rickroll वीडियो चलने लगता है। वीडियो में छात्रा हंसते हुए कहती है कि: “आज मेरा मैथ्स का पेपर अच्छा नहीं गया, लेकिन यह देखिए—QR कोड स्कैन करने पर क्या होता है।” इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

छात्रों में फैली नकली पेपर की अफवाह
इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच कई तरह की अफवाहें फैलने लगीं। कुछ छात्रों को डर लगने लगा कि कहीं उन्होंने फर्जी प्रश्नपत्र तो हल नहीं कर दिया। कई लोगों ने इसे बोर्ड की बड़ी लापरवाही भी बताया। कई परीक्षा केंद्रों पर शिक्षकों ने भी जब QR कोड स्कैन किया तो उन्हें वही YouTube वीडियो लिंक दिखाई दिया।

CBSE ने दी सफाई
मामले के सामने आने के बाद CBSE ने तुरंत स्पष्टीकरण जारी किया।
बोर्ड ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि: प्रश्नपत्रों में QR कोड समेत कई सुरक्षा फीचर लगाए जाते हैं। कुछ सेट में तकनीकी कारणों से QR कोड स्कैन करने पर YouTube लिंक खुल गया। सभी प्रश्नपत्र पूरी तरह असली और सुरक्षित हैं। परीक्षा की सुरक्षा और गोपनीयता से कोई समझौता नहीं हुआ है। CBSE के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने कहा कि इस मामले को गंभीरता से लिया गया है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

छात्रों और अभिभावकों से अपील
CBSE ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। बोर्ड के अनुसार, परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित है। प्रश्नपत्रों की प्रामाणिकता पर कोई सवाल नहीं है।

तनाव के बीच बना मजेदार किस्सा
हालांकि 12वीं का मैथ्स पेपर आमतौर पर छात्रों के लिए काफी तनावपूर्ण होता है, लेकिन इस “Rickroll” प्रैंक ने कुछ देर के लिए परीक्षा के तनाव को हंसी में बदल दिया। इंटरनेट पर लोग मजाक में कह रहे हैं कि “मैथ्स के कठिन सवालों के बीच यह QR कोड वाला सरप्राइज थोड़ा मनोरंजन भी दे गया।”

खबरे और भी है...