बिग बॉस 19 के बाद भी सुर्खियों में तान्या मित्तल: लग्जरी लाइफस्टाइल पर उठे सवालों का मिला जवाब

Comments
बिग बॉस 19 की फाइनलिस्ट तान्या मित्तल शो से बाहर आने के बाद भी लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। कभी अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल को लेकर तो कभी अपने बेबाक बयानों की वजह से सुर्खियों में रहने वाली तान्या हाल ही में आध्यात्मिक मार्ग की ओर बढ़ती नजर आईं। शो खत्म होने के बाद तान्या ने पवित्र नगरी वृंदावन की यात्रा की, जहां उन्होंने प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज जी से मुलाकात की।
परिवार के साथ प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचीं तान्या
तान्या मित्तल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रेमानंद महाराज के आश्रम से एक वीडियो शेयर किया, जिसमें बैकग्राउंड में “राधा-राधा” भजन सुनाई दे रहा है। वीडियो में तान्या अपने परिवार के साथ नजर आ रही हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने एक भावुक कैप्शन भी लिखा।
तान्या ने लिखा,
“परम पूज्य प्रेमानंद जी महाराज से आज अपने भैया-भाभी, प्रिंसी दी, स्वीटी दी और अपनी प्यारी भतीजियों के साथ मिलने का सौभाग्य मिला। काश आज बड़ी मामी भी होती। उनके दिए हुए संस्कार आज भी हम सब में जिंदा हैं और हमेशा रहेंगे।”
उनकी इस पोस्ट पर फैंस जमकर प्यार लुटा रहे हैं और तान्या के आध्यात्मिक पक्ष की तारीफ कर रहे हैं।
बिग बॉस में किया गया दावा निकला सही
बिग बॉस 19 के दौरान तान्या मित्तल के कई बयानों पर घरवालों ने सवाल उठाए थे। खासतौर पर उनके उस दावे पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके घर में खाने के लिए एक खास लिफ्ट सिस्टम है, जो एक मंजिल से दूसरी मंजिल तक खाना पहुंचाता है। उस समय इसे झूठा बताया गया था, लेकिन अब हालिया रिपोर्ट्स और सामने आए फुटेज ने इस दावे की पुष्टि कर दी है।
इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर तान्या के सपोर्ट में प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। एक यूजर ने लिखा, “सबकी बोलती बंद… हमारी क्वीन!” वहीं दूसरे ने कहा, “बिग बॉस के घरवालों को अब सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।”
शादी की अफवाहों पर क्या बोलीं तान्या?
बिग बॉस 19 के खत्म होने के बाद तान्या मित्तल की शादी को लेकर भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। रेडिट पर वायरल एक पोस्ट में दावा किया गया कि तान्या फरवरी में शादी करने वाली हैं। कुछ यूजर्स ने दूल्हे को राजनेता बताया, तो कुछ ने मजाकिया अंदाज में सेलेब्रिटी नाम जोड़ दिए।
हालांकि इन तमाम अटकलों पर अब तक तान्या मित्तल की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसलिए फिलहाल इन खबरों को महज अफवाह ही माना जा रहा है।
वर्कफ्रंट पर भी छाईं तान्या
वर्कफ्रंट की बात करें तो बिग बॉस 19 से बाहर आने के बाद तान्या की लोकप्रियता में जबरदस्त उछाल आया है। शो खत्म हुए महज कुछ ही दिन हुए हैं और तान्या अब तक 6 एड फिल्मों की शूटिंग कर चुकी हैं। हाल ही में उन्होंने मुंबई में एक यॉट पर शूटिंग करते हुए वीडियो भी शेयर किया, जिसने सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा।




