सलमान ने चुकाया राजपाल का कर्ज़? : वायरल वीडियो की सच्चाई आई सामने

वायरल वीडियो की सच्चाई आई सामने

Comments

सोशल मीडिया पर इन दिनों बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह सलमान खान की जमकर तारीफ करते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में जेल से बाहर आने के बाद राजपाल यादव ने सलमान खान को धन्यवाद दिया और कहा कि “सलमान भाई बड़े भाई की तरह हैं।”
लेकिन क्या वाकई सलमान खान ने राजपाल यादव का कर्ज चुकाया? क्या यह वीडियो हाल का है? आइए जानते हैं वायरल दावे की पूरी सच्चाई।

वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल वीडियो में राजपाल यादव मीडिया से बातचीत करते हुए कहते हैं: “सलमान भाई बड़े भाई की तरह हैं। उनके साथ बैठकर बहुत खुशी महसूस हुई। सलमान खान जैसे इंसान इंडस्ट्री में बहुत कम हैं। हमने 10-12 फिल्में साथ की हैं।” वीडियो में रिपोर्टर यह पूछता है कि “बेल मिलने पर क्या कहना चाहेंगे?” जिसके जवाब में राजपाल सलमान की तारीफ करते नजर आते हैं।
इसी आधार पर सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने सलमान खान का धन्यवाद किया।

क्या है सच्चाई? (Fact Check)
जांच में सामने आया कि यह वीडियो हाल का नहीं है। रिवर्स सर्च करने पर यह वीडियो 9 अप्रैल 2018 को यूट्यूब चैनलों पर अपलोड मिला।
दरअसल, यह वीडियो उस समय का है जब सलमान खान को 1998 के काला हिरण शिकार मामले में जमानत मिली थी। 5 अप्रैल 2018 को जोधपुर की अदालत ने उन्हें सजा सुनाई थी और बाद में उन्हें जमानत मिली थी। उसी संदर्भ में राजपाल यादव ने यह बयान दिया था।
वायरल वीडियो में रिपोर्टर द्वारा पूछे गए सवाल को क्रॉप कर दिया गया है, जिससे यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि यह बयान हालिया जमानत से जुड़ा है।
निष्कर्ष: वायरल वीडियो भ्रामक है और वर्तमान मामले से संबंधित नहीं है।

राजपाल यादव का मौजूदा केस क्या है?
साल 2012 में राजपाल यादव ने फिल्म ‘अता पता लापता’ का निर्देशन किया था। फिल्म के निर्माण के लिए उन्होंने लगभग 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया। ब्याज सहित यह राशि बढ़कर करीब 9 से 11 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। भुगतान न करने पर अदालत ने सख्त रुख अपनाया। 5 फरवरी 2026 को उन्होंने तिहाड़ जेल में सरेंडर किया। 16 फरवरी 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दी। 17 फरवरी को वे जेल से रिहा हुए। कोर्ट ने 18 मार्च तक पूरी राशि चुकाने का समय दिया है। उनके वकील भास्कर उपाध्याय के अनुसार, फिलहाल डेढ़ करोड़ रुपये का डिमांड ड्राफ्ट जमा किया जा चुका है और शेष राशि निर्धारित समय में जमा की जाएगी।

किन-किन कलाकारों ने किया समर्थन?
रिहाई के बाद राजपाल यादव ने कई कलाकारों का धन्यवाद किया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कई बड़े नामों ने नैतिक और आर्थिक सहयोग का भरोसा दिया, हालांकि किसने कितनी राशि दी, यह सार्वजनिक नहीं किया गया।
हालांकि सोशल मीडिया पर “सलमान ने पूरा कर्ज चुका दिया” जैसे दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो भ्रामक है। यह 2018 का वीडियो है, जिसे हालिया जमानत से जोड़कर शेयर किया जा रहा है। फिलहाल राजपाल यादव को अंतरिम जमानत मिली है और उन्हें निर्धारित समय में पूरी राशि चुकानी होगी, अन्यथा उन्हें दोबारा जेल जाना पड़ सकता है।