Delhi Traffic Advisory Today: दिल्ली में आज कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन, पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Riya Jain
0 सेकंड पहलेCrypto mein invest karne se pehle aisi khabarein padhni chahiye.
Taushif Shekh
0 सेकंड पहलेItna bada announcement! Fans bahut excited honge.
Kabir Shukla
0 सेकंड पहलेPeedit ko jald se jald nyay milna chahiye.
दिल्ली में आज कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन
राजधानी दिल्ली में रविवार, 1 नवंबर 2026 को रामलीला मैदान में प्रस्तावित महारैली और हरि नगर से पदयात्रा के कारण यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार, सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मध्य दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा और जरूरत के अनुसार वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा। यात्रियों को परेशानी से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
इन प्रमुख स्थानों पर रहेगा ट्रैफिक नियंत्रण
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, नेताजी सुभाष मार्ग टी-पॉइंट, बाराखंभा रोड पर रणजीत सिंह फ्लाईओवर, राजघाट, भवभूति मार्ग-डीडीयू मार्ग रेड लाइट, दिल्ली गेट, झंडेवालान राउंडअबाउट, आईटीओ ए-पॉइंट, तुर्कमान गेट, अजमेरी गेट रेड लाइट और मिरदर्द चौक के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है। इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
इन सड़कों पर जाने से बचें
ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, बीएसजेड मार्ग पर आईटीओ से दिल्ली गेट तक, जेएलएन मार्ग पर राजघाट से दिल्ली गेट और अजमेरी गेट की ओर, अरुणा आसफ अली रोड, मिंटो रोड, कमला मार्केट राउंडअबाउट, हमदर्द चौक और तुर्कमान गेट के आसपास यातायात प्रभावित रह सकता है। इसके अलावा रणजीत सिंह फ्लाईओवर से तुर्कमान गेट, डीबीजी रोड, बाराखंभा रोड, मंडी हाउस राउंडअबाउट, सिकंदरा रोड, केजी मार्ग, फिरोज शाह रोड और चेम्सफोर्ड रोड पर भी वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है।
इन मार्गों पर नियंत्रित रहेगी वाहनों की आवाजाही
गुरु नानक चौक से कमला मार्केट राउंडअबाउट, कमला मार्केट से हमदर्द चौक, हमदर्द चौक से तुर्कमान गेट और तुर्कमान गेट से गुरु नानक चौक के बीच ट्रैफिक मूवमेंट नियंत्रित किया जा सकता है। इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
इन मार्गों पर DTC बसों की आवाजाही पर पाबंदी
एडवाइजरी के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान बीएसजेड मार्ग, राजघाट से जेएलएन मार्ग का पूरा हिस्सा, डीबीजी रोड और मिंटो रोड पर डीटीसी बसों की आवाजाही पर पाबंदी रहेगी। बस यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक रास्ते
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। डीबीजी रोड की तरफ से आने वाले यात्री चेम्सफोर्ड रोड, आउटर सर्कल कनॉट प्लेस, मिंटो रोड और भवभूति मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। पूर्वी दिल्ली से अजमेरी गेट की ओर जाने वाले यात्री आईटीओ, डीडीयू मार्ग और भवभूति मार्ग से पहुंच सकते हैं। डीडीयू मार्ग पर रुकावट होने की स्थिति में आईटीओ रेड लाइट, डब्ल्यू-पॉइंट, सिकंदरा रोड, कनॉट प्लेस, पहाड़गंज और चेम्सफोर्ड रोड से वैकल्पिक रास्ता लिया जा सकता है। यात्रियों को ट्रेन के समय से काफी पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है।
यात्रियों और वाहन चालकों के लिए जरूरी निर्देश
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से कार्यक्रम वाले इलाकों में गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की है। जहां संभव हो, निजी वाहनों की जगह मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। सड़क किनारे और बिना अनुमति पार्किंग न करें, ताकि आपातकालीन वाहनों की आवाजाही बाधित न हो। इसके अलावा ट्रैफिक साइन, डायवर्जन और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। अपनी यात्रा पहले से प्लान करें और सामान्य से अधिक समय लेकर निकलें।
ट्रैफिक अपडेट के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से रियल टाइम अपडेट के लिए अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े रहने की अपील की है। किसी भी यातायात संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 8750871493 पर भी सहायता ली जा सकती है। पुलिस ने सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम लोगों से सहयोग करने की अपील की है।








