Bhopal Car Theft: पत्नी के शौक के लिए शोरूम कर्मचारी ने चुराई 23 लाख की कार

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
पत्नी के शौक के लिए चुराई 23 लाख की कार
भोपाल में एक फॉक्सवैगन शोरूम कर्मचारी ने ग्राहक के नाम पर बुक की गई करीब 23 लाख रुपये की वर्टस जीटी कार चोरी कर ली। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद ने कथित तौर पर यह वारदात पत्नी के महंगे शौक पूरे करने के लिए की। करीब एक साल से शोरूम में काम कर रहे कर्मचारी की करतूत का खुलासा कंपनी द्वारा स्टॉक का मिलान किए जाने के दौरान हुआ। कार गायब मिलने पर जांच शुरू की गई और जीपीएस लोकेशन की मदद से पुलिस वाहन तक पहुंच गई। अशोका गार्डन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई कार बरामद कर ली है।
ग्राहक की बुकिंग का फायदा उठाकर निकाली कार
पुलिस के अनुसार, गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद पिछले करीब एक साल से फॉक्सवैगन कार शोरूम में काम कर रहा था। उसे शोरूम की कार्यप्रणाली और गाड़ियों की बुकिंग से जुड़ी जानकारी थी। इसी का फायदा उठाकर उसने एक ग्राहक के नाम पर वर्टस जीटी कार बुक कराई और बाद में उसे शोरूम से लेकर चला गया। शुरुआत में कार के गायब होने की जानकारी सामने नहीं आई। कंपनी ने जब अपने स्टॉक का मिलान किया तो करीब 23 लाख रुपये कीमत की कार गायब मिली। इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी।
जीपीएस से आशिमा मॉल के पास मिली कार
शिकायत मिलने के बाद अशोका गार्डन पुलिस ने कार की तलाश शुरू की। वाहन में लगे जीपीएस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रैक की गई। पुलिस को कार आशिमा मॉल के पास मिली। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि कार आरोपी की पत्नी चला रही थी। इसके बाद जांच में शोरूम कर्मचारी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद की भूमिका सामने आई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी की गई वर्टस जीटी कार भी बरामद कर ली।
पत्नी के महंगे शौक को बताया चोरी की वजह
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी के महंगे शौक पूरे करने के लिए कार चोरी की थी। बताया गया है कि उसकी पत्नी को लग्जरी कारों में घूमने का शौक था। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि आरोपी ने वारदात को किस तरह अंजाम दिया और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी की पत्नी को कार चोरी की जानकारी पहले से थी या नहीं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।








