सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने की चर्चा तेज: शरद पवार का बड़ा बयान

शरद पवार का बड़ा बयान

Comments

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के हालिया विमान दुर्घटना में निधन के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। बताया जा रहा है कि सुनेत्रा पवार शनिवार को अपने बेटे पार्थ पवार के साथ मुंबई पहुंच चुकी हैं और आज ही शपथ ग्रहण कर सकती हैं।

शरद पवार ने शपथ ग्रहण से झाड़ा पल्ला
बारामती में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शरद पवार ने कहा, “हमें शपथ ग्रहण के बारे में कोई जानकारी नहीं है। हमें इसके बारे में खबरों से पता चला। मुझे इस विषय में कोई सूचना नहीं दी गई।”

क्या पवार परिवार से कोई होगा समारोह में शामिल?
जब उनसे पूछा गया कि क्या पवार परिवार का कोई सदस्य शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होगा, तो शरद पवार ने कहा कि यह फैसला पार्टी ने लिया होगा। उन्होंने संकेत देते हुए कहा कि प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे जैसे नेताओं ने इस विषय में पहल की होगी।

दोनों NCP के विलय को लेकर बड़ा बयान
शरद पवार ने दावा किया कि दोनों एनसीपी गुटों को एकजुट करना उनके दिवंगत भतीजे अजित पवार की इच्छा थी।
उन्होंने कहा, “अजित पवार, जयंत पाटिल और शशिकांत शिंदे ने दोनों गुटों के विलय को लेकर बातचीत शुरू की थी। 12 फरवरी को अंतिम फैसला होना था, लेकिन दुर्भाग्य से उससे पहले अजित हमें छोड़कर चले गए।”

एनसीपी नेताओं ने की थी सुनेत्रा पवार को पद देने की मांग
गौरतलब है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे के बाद एनसीपी नेताओं के एक वर्ग ने मांग की थी कि सुनेत्रा पवार को उनके दिवंगत पति का पद सौंपा जाए। सूत्रों के अनुसार, महायुति सरकार ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है।

आज हो सकता है शपथ ग्रहण
सूत्रों के मुताबिक, दोपहर में एनसीपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना जा सकता है। इसके बाद शाम करीब 5 बजे राजभवन या लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह होने की संभावना है।
यदि ऐसा होता है, तो सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन सकती हैं।