इंदौर में दिल दहला देने वाला अग्निकांड: EV कार चार्जिंग से लगी आग

Comments
मध्यप्रदेश के इंदौर में बुधवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां एक भीषण आग ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। राजबाड़ा क्षेत्र के पास स्थित ब्रजेश्वरी कॉलोनी में सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच लगी इस आग में 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे और हादसे के समय घर में सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
EV कार की चार्जिंग बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी, जिसमें शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर के अंदर तक पहुंच गई।
गैस सिलेंडर ब्लास्ट ने बढ़ाई तबाही
घर में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर और ज्वलनशील केमिकल्स रखे हुए थे।
करीब 10 से 15 गैस सिलेंडर मौजूद थे,
इनमें से कम से कम 4 सिलेंडरों में ब्लास्ट हुआ,
लगातार धमाकों से मकान का एक हिस्सा ढह गया,
इन विस्फोटों ने आग को और भयानक बना दिया, जिससे लोगों के बचने की संभावना लगभग खत्म हो गई।
इलेक्ट्रॉनिक लॉक बने जानलेवा बाधा
घर के दरवाजों पर लगे इलेक्ट्रॉनिक गेट और लॉक सिस्टम भी इस हादसे में एक बड़ी वजह बन गए।
आग लगने के बाद दरवाजे खोलना मुश्किल हो गया,
पुलिस और रेस्क्यू टीम को दरवाजे तोड़ने पड़े,
इसी देरी के कारण कई लोग बाहर नहीं निकल पाए,
दमकल और एंबुलेंस पर उठे सवाल
घटना के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू हुआ, लेकिन पीड़ित परिवार ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतक मनोज पुगलिया के बेटे सौरभ ने मुख्यमंत्री के सामने कहा:
दमकल की गाड़ियां देर से पहुंचीं,
कुछ कर्मी नशे में थे,
गाड़ियों में पानी भी पर्याप्त नहीं था,
एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची,
उन्होंने कहा कि अगर समय पर मदद मिलती, तो कुछ जानें बच सकती थीं।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
इस हादसे में 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि कई घायल अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मंत्री और मुख्यमंत्री ने लिया जायजा
घटना के बाद राज्य के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और तुलसी सिलावट मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाद में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
सीएम ने कहा: “यह केवल औपचारिकता नहीं, हम दुख में साथ खड़े हैं। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।”
EV चार्जिंग को लेकर बड़ा सवाल
इस घटना के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। सरकार ने संकेत दिए हैं कि जल्द ही EV चार्जिंग के लिए नई गाइडलाइन (SOP) जारी की जाएगी।
मृतकों के नाम (प्राप्त जानकारी अनुसार)
विजय सेठिया, छोटू सेठिया, सुमन सेठिया, मनोज पुगलिया, सिमरन, राशि सेठिया, तनय, टीनू,
शहर में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इंदौर शहर में शोक की लहर है। एक खुशहाल परिवार कुछ ही मिनटों में खत्म हो गया, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

