गोविंदगढ़ जलाशय में रिसाव : प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण, स्थिति नियंत्रण में होने का दावा
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
गोविंदगढ़ जलाशय में रिसाव से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में बढ़ी चिंता; प्रशासन ने स्थिति को बताया नियंत्रण में
रीवा। गोविंदगढ़ जलाशय में पानी के रिसाव की सूचना सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीण इलाकों में चिंता का माहौल बन गया। बांध के पास पानी एकत्र होने और रिसाव की खबर से लोगों में बांध की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि रिसाव बढ़ा तो निचले क्षेत्र में बसे गांवों के लिए खतरा पैदा हो सकता है।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची तथा जलाशय और बांध की स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक जलाशय के आरडी 3750 से 3800 मीटर के बीच पानी का रिसाव बेहद मामूली पाया गया है। प्रारंभिक निरीक्षण में बांध के क्षतिग्रस्त होने या मिट्टी के बहाव जैसी कोई गंभीर स्थिति सामने नहीं आई है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और घबराने से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जलस्तर में कमी आने के बाद रिसाव वाले हिस्से की आवश्यक मरम्मत भी कराई जाएगी।
हालांकि, लगातार बारिश और जलाशयों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए ग्रामीण बांध की सुरक्षा को लेकर सतर्क हैं। लोगों की मांग है कि प्रशासन तकनीकी स्तर पर लगातार निगरानी रखे, ताकि किसी भी संभावित खतरे की स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

