कोतमा में एयर टैंक ब्लास्ट से युवक की मौत: पिता बनने की खुशी मातम में बदली

पिता बनने की खुशी मातम में बदली
प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

CommentsReactionsFeedback

कोतमा में दर्दनाक हादसा: एयर टैंक फटने से 22 वर्षीय युवक की मौत, इलाके में पसरा मातम पिता बनने की खुशियां भी पूरी तरह नहीं मना पाया युवक, एक धमाके ने उजाड़ दिया पूरा परिवार

 

मध्य प्रदेश कोतमा। जिंदगी की सबसे बड़ी खुशियों में से एक खुशी थी पिता बनने की, लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था। घर में नवजात बेटे के जन्म की खुशियां अभी पूरी तरह थमी भी नहीं थीं कि एक भीषण हादसे ने परिवार की दुनिया उजाड़ दी। कोतमा के श्रमिक नगर बस स्टैंड स्थित एक ऑटो वर्कशॉप में हुए दर्दनाक हादसे में 22 वर्षीय युवक प्रिंस साहू की मौत हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और हर आंख नम है।

 

जानकारी के अनुसार प्रिंस साहू रोज की तरह अपने काम में व्यस्त था। इसी दौरान वर्कशॉप में लगा एयर टैंक अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास मौजूद लोग सहम गए। टैंक के विस्फोट से प्रिंस गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।

 

घटना के बाद वर्कशॉप में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और साथियों ने बिना देर किए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया।

 

बताया जा रहा है कि प्रिंस के घर कुछ ही दिनों पहले बेटे का जन्म हुआ था। परिवार में खुशियों का माहौल था, रिश्तेदार बधाइयां देने पहुंच रहे थे और घर में किलकारियां गूंज रही थीं। किसी ने नहीं सोचा था कि अचानक एक हादसा उन खुशियों को मातम में बदल देगा। बेटे के जन्म की खुशी मनाने वाला पिता अब इस दुनिया में नहीं रहा।

 

घटना की खबर जैसे ही इलाके में फैली, बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचने लगे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां-बाप, पत्नी और अन्य परिजनों की चीख-पुकार सुनकर अस्पताल का माहौल भी गमगीन हो गया। हर कोई यही कहता नजर आया कि इतनी कम उम्र में इस तरह की मौत बेहद दुखद और असहनीय है

 

हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक सुनील सराफ जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।

 

वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि एयर टैंक फटने के पीछे तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

 

इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक पल में हुई इस दुर्घटना ने न केवल एक युवा की जिंदगी छीन ली, बल्कि उसके परिवार के सपनों को भी चकनाचूर कर दिया। कोतमा क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक की लहर है और लोग दिवंगत युवक को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

प्रतिक्रियाएँ

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं

पहले आप अपनी बात रखें

CommentsReactionsFeedback