रामपुर गोलीकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार : 34 दिन बाद अमलाई पुलिस के हाथ लगा मुख्य आरोपी, 30 हजार का था इनाम

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
34 दिन बाद पुलिस के हाथ लगा रामपुर गोलीकांड का फरार आरोपी, बागेश्वर धाम से दबोचा
शहडोल। अमलाई थाना क्षेत्र के रामपुर में हुए गोलीकांड के बाद लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी तक पुलिस आखिरकार पहुंच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजकुमार मिश्रा उर्फ लल्ला महाराज को छतरपुर जिले के बागेश्वर धाम से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर 13 जुलाई को दुकानदार रज्जन उर्फ भूपेन्द्र कहार पर गोली चलाने का आरोप है।
वारदात के बाद आरोपी लगातार पुलिस की पकड़ से बाहर था। मामले को गंभीरता से लेते हुए शहडोल पुलिस ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीम लगाई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उस पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद आरोपी को छिपने में मदद मिली थी। इस मामले में पवन मिश्रा और सीतेश सोनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ लगातार निगरानी रखी। इसी दौरान पुलिस को उसके बागेश्वर धाम में मौजूद होने का इनपुट मिला। इसके बाद अमलाई पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर कई दिनों तक आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। करीब दो दिन की निगरानी के बाद 16 अगस्त को पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
आरोपी की गिरफ्तारी को रामपुर गोलीकांड की जांच में अहम कामयाबी माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
कार्रवाई में एसडीओपी धनपुरी विकास पाण्डेय, अमलाई थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्रमणि पाण्डेय, धनपुरी थाना प्रभारी निरीक्षक खेम सिंह पेन्द्रो, खैरहा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक उमाशंकर चतुर्वेदी समेत अमलाई, धनपुरी, बुढार, खैरहा और साइबर सेल की पुलिस टीम की भूमिका रही।

