India’s Big Changes: पोलैंड की महिला ने की भारत की जमकर तारीफ, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
पोलैंड की महिला ने की भारत की तारीफ, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
भारत में रह रही पोलैंड की एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिला ने बताया है कि पिछले 10 साल में भारत कितना बदल गया है। उन्होंने देश में हुए बदलावों की जमकर तारीफ की। हालांकि, उनकी इस तारीफ के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई लोग उनकी बात से सहमत हैं, जबकि कुछ यूजर्स सवाल उठा रहे हैं।
कौन हैं भारत की तारीफ करने वाली पोलिश महिला?
वायरल वीडियो में नजर आ रही महिला का नाम डोमिनिका पटलस-कालरा (Dominika Patalas-Kalra) है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल @domipatalas पर यह वीडियो शेयर किया है। वीडियो के कैप्शन में उन्होंने बताया कि वह पोलैंड से हैं और जब 10 साल पहले पहली बार भारत आई थीं, तब उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह देश इतना बदल जाएगा। उन्होंने ऐसे पांच बदलाव बताए, जिन्होंने उन्हें सबसे ज्यादा हैरान किया।
1. कैश से QR कोड तक पहुंचा भारत
डोमिनिका ने बताया कि 10 साल पहले भारत में लगभग हर चीज के लिए नकद पैसे देने पड़ते थे। लेकिन अब छोटी-सी चाय की दुकान पर भी QR कोड स्कैन करके UPI से भुगतान किया जा सकता है। डिजिटल पेमेंट के इस बदलाव ने उन्हें काफी प्रभावित किया।
2. एयरपोर्ट और सीधी उड़ानों में बदलाव
उन्होंने बताया कि पहले पोलैंड से भारत आने के लिए कई देशों से होकर गुजरना पड़ता था। अब नए एयरपोर्ट और आधुनिक टर्मिनल बनने से हवाई यात्रा पहले के मुकाबले आसान हुई है। उनके मुताबिक, अब सीधी फ्लाइट से करीब 7 घंटे में भारत पहुंचा जा सकता है।
3. एक्सप्रेसवे और मेट्रो नेटवर्क का विस्तार
डोमिनिका ने भारत में बने नए एक्सप्रेसवे, हाईवे और मेट्रो लाइनों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से लोगों का सफर पहले के मुकाबले आसान हुआ है। उन्होंने दिल्ली से मेरठ के बीच नमो भारत ट्रेन का उदाहरण देते हुए बताया कि अब यह दूरी करीब 50 मिनट में तय की जा सकती है।
4. 10 मिनट में घर पहुंच रहा सामान
डोमिनिका के मुताबिक, 10 साल पहले छोटी-सी जरूरत का सामान खरीदने के लिए भी बाजार जाना पड़ता था। लेकिन अब ग्रॉसरी से लेकर आईफोन तक की डिलीवरी महज 10 मिनट में घर तक हो सकती है। उन्होंने इसे भारत में आए बड़े बदलावों में शामिल किया।
5. रेलवे में भी आया बड़ा बदलाव
डोमिनिका ने भारतीय रेलवे में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें और अपग्रेड किए गए रेलवे स्टेशन ने रेल यात्रा के अनुभव को बदल दिया है।
वीडियो पर क्यों छिड़ी सोशल मीडिया पर बहस?
इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को अब तक लाखों व्यूज मिल चुके हैं। वीडियो वायरल होने के बाद कमेंट सेक्शन में कुछ लोगों ने डोमिनिका को ‘अंधभक्त’ कहना शुरू कर दिया। इस पर उन्होंने एक अन्य वीडियो में कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि ‘अंधभक्त’ का मतलब क्या है।
वहीं, कई यूजर्स ने उनकी बात का समर्थन भी किया। अमेरिका में रहने वाले एक भारतीय यूजर ने लिखा कि भारत की UPI, 5G स्पीड और तेज डिलीवरी सेवाएं आज कई पश्चिमी देशों से भी आगे हैं। इस तरह भारत में हुए बदलावों की तारीफ से शुरू हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया है।







