UP Freebie Politics: यूपी चुनाव से पहले योगी सरकार के बड़े ऐलान

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
स्कूटी से LPG तक… फ्रीबीज से UP की सत्ता में होगी BJP की वापसी! अब तक किसके लिए क्या ऐलान?
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार ने मुफ्त सुविधाओं और आर्थिक सहायता वाली योजनाओं पर जोर बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के करीब 1.89 करोड़ लाभार्थियों को होली और दिवाली पर एक-एक मुफ्त LPG सिलेंडर देने का ऐलान किया है। इसके लिए सरकार ने 1,500 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
LPG सिलेंडर पर पूरी सब्सिडी
मंगलवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सिलेंडर रिफिल सब्सिडी की रकम लाभार्थियों तक पहुंचाई। सरकार के मुताबिक, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 983.45 रुपये है। इसमें केंद्र सरकार 335.40 रुपये की सब्सिडी देती है, जबकि बाकी 648.55 रुपये का खर्च राज्य सरकार उठाती है। इस तरह लाभार्थियों को सिलेंडर रिफिल कराने के लिए यह रकम अपनी जेब से नहीं देनी होगी। आइए जानते हैं कि बीते डेढ़ साल में सरकार ने किस वर्ग के लिए क्या ऐलान किया है।
महिलाओं और गरीबों को सौगात
उज्ज्वला योजना में दो मुफ्त सिलेंडर
सितंबर 2025 में सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को वित्त वर्ष 2025-26 में होली और दिवाली पर दो मुफ्त LPG सिलेंडर देने की मंजूरी दी थी। इस योजना पर 1,385.34 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया था।
50 हजार छात्राओं को स्कूटी
22 जुलाई 2026 को सरकार ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना को मंजूरी दी। इसके तहत 2025-26 सत्र में ग्रेजुएशन पूरा करने वाली करीब 50 हजार मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने का लक्ष्य रखा गया है। चयन टॉप 5 फीसदी मेधावी छात्राओं में से होगा। इसके लिए परिवार की सालाना आय 12 लाख रुपये तक होनी चाहिए।
बुजुर्ग महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा
25 अगस्त 2026 को कैबिनेट ने 60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को राज्य परिवहन निगम की सामान्य बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया। सरकार के अनुमान के मुताबिक, रोजाना करीब 88,438 महिलाएं इसका लाभ उठा सकेंगी। इस योजना पर हर महीने 22.50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
विवाह अनुदान बढ़ाकर 1.01 लाख
वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाला अनुदान 51 हजार रुपये से बढ़ाकर 1.01 लाख रुपये कर दिया गया। इसके लिए सरकार ने 750 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को तीन साड़ियां
9 अक्टूबर 2026 को कैबिनेट ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सालाना दो की जगह तीन साड़ियां देने की मंजूरी दी। इससे करीब 3,80,290 कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को फायदा मिलेगा। इस पर सरकार लगभग 19.02 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
युवाओं को डिजिटल सौगात
25 लाख टैबलेट खरीदने की मंजूरी
युवाओं और छात्रों के लिए योगी सरकार स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत मुफ्त टैबलेट वितरण कर रही है। 8 अप्रैल 2026 को कैबिनेट ने युवाओं को बांटने के लिए 25 लाख टैबलेट खरीदने की मंजूरी दी थी। उस समय वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया था कि वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में इस योजना के लिए 2,000 करोड़ रुपये रखे गए थे। सरकार पहले ही करीब 60 लाख स्मार्टफोन और टैबलेट बांट चुकी थी।
टैबलेट योजना के लिए 2,374.60 करोड़
25 अगस्त 2026 को कैबिनेट ने फिर 25 लाख टैबलेट खरीदने की मंजूरी दी। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इस योजना के तहत 2,374.60 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया।
किन छात्रों को मिलेगा लाभ?
इस योजना के तहत ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा, कौशल विकास और अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़े पात्र युवाओं को टैबलेट दिए जाने हैं। सरकार का उद्देश्य छात्रों को डिजिटल शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़े संसाधनों तक पहुंच उपलब्ध कराना है।








