hreyanka Patil, Indian Women's Cricket, Senior Wom: श्रेयंका पाटिल ने 20 गेंदों में जड़ा अर्धशतक

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
भारतीय महिला क्रिकेट टीम से बाहर चल रहीं ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल ने सीनियर विमेंस टी20 ट्रॉफी में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। बुधवार को दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 29 गेंदों पर 71 रन बनाए।
मुश्किल में फंसी कर्नाटक को संभाला
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम ग्राउंड-B में खेले गए मुकाबले में कर्नाटक ने 84 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरीं श्रेयंका ने आक्रामक अंदाज अपनाया।
उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 7 छक्के लगाए। उनकी बल्लेबाजी की बदौलत कर्नाटक ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 175 रन बनाए। हालांकि, दिल्ली ने 17 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन
23 वर्षीय श्रेयंका टूर्नामेंट में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने 9 मैचों में दो बार पांच विकेट लेने के साथ कुल 20 विकेट हासिल किए हैं। बल्लेबाजी में भी उनके नाम 143 रन हैं। उनका औसत 71.50 और स्ट्राइक रेट 204.28 रहा है।
इससे पहले विदर्भ के खिलाफ मुकाबले में भी उन्होंने 15 गेंदों पर 33 रन बनाकर कर्नाटक की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।
टीम इंडिया में वापसी पर नजर
हाल ही में श्रेयंका को जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू सीरीज और दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय सीनियर टीम में जगह नहीं मिली थी। अब उन्हें 30 नवंबर से शुरू होने वाली इंग्लैंड-ए के खिलाफ सीरीज के लिए इंडिया-ए की टी20, वनडे और मल्टी-डे टीमों में चुना गया है।
दिल्ली के खिलाफ उनकी 71 रनों की पारी ने सीनियर टीम में वापसी की उम्मीदों को मजबूत किया है। अब उनकी नजर आगामी सीरीज में बेहतर प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित करने पर होगी।








