McLaren McL 820: McLaren McL 820 सुपरकार का टीजर जारी

अभी तक कोई टिप्पणी नहीं
पहले आप अपनी बात रखें
McLaren की नई सुपरकार McL 820 का टीजर जारी
लग्जरी सुपरकार बनाने वाली कंपनी McLaren अपनी नई कार को लेकर चर्चा में है। कंपनी ने लंदन के Covent Garden में एक बड़ी Kiwi बर्ड की मूर्ति लगाई है, जिस पर 'McL 820' लिखा हुआ है। ब्लैक और ऑरेंज रंग की इस मूर्ति को कंपनी की आने वाली सुपरकार का संकेत माना जा रहा है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस कार के बारे में पूरी जानकारी साझा नहीं की है।
McL 820 नाम से मिल रहे हैं पावर के संकेत
McLaren अपनी कारों के नाम में दिए गए नंबरों के जरिए अक्सर उनकी पावर का संकेत देती है। ऐसे में McL 820 के नाम से अनुमान लगाया जा रहा है कि इस कार का आउटपुट 820 PS यानी करीब 809 bhp हो सकता है। अगर यह अनुमान सही साबित होता है, तो नई कार मौजूदा McLaren 750S से ज्यादा ताकतवर होगी। 750S में करीब 740 bhp की पावर मिलती है।
Kiwi बर्ड की मूर्ति का क्या है कनेक्शन?
McLaren की पहचान में Kiwi बर्ड का खास महत्व है। यह कंपनी के संस्थापक Bruce McLaren की न्यूजीलैंड से जुड़ी जड़ों को दर्शाता है। कंपनी 'Speedy Kiwi' नाम के इस शुभंकर का इस्तेमाल अपने प्रचार में भी करती रही है। इससे पहले 'McL' नाम का इस्तेमाल McL 6GT के साथ भी देखने को मिला था, जिसे इस साल Monterey Car Week में प्रदर्शित किया गया था। हालांकि, McLaren ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि McL 820 किसी प्रोडक्शन कार का आधिकारिक नाम होगा या नहीं।
हाइब्रिड V8 इंजन मिलने की उम्मीद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई McL 820 में हाइब्रिड V8 इंजन दिया जा सकता है। इसकी संभावित ताकत 820 PS के आसपास बताई जा रही है। कंपनी अपने इंजन खुद विकसित करने की दिशा में भी काम कर रही है। अगर ये अनुमान सही साबित होते हैं, तो यह कार परफॉर्मेंस के मामले में McLaren की बेहद खास पेशकश हो सकती है।
Ferrari और Lamborghini की कारों से होगा मुकाबला
संभावित पावर और परफॉर्मेंस के आधार पर McL 820 का मुकाबला Ferrari 12Cilindri, Ferrari 296, Aston Martin Vanquish और Lamborghini Temerario जैसी लग्जरी स्पोर्ट्स कारों से हो सकता है। हालांकि, इसकी आधिकारिक तकनीकी जानकारी और मुकाबले को लेकर कंपनी की ओर से पुष्टि का इंतजार है।
McLaren 750S की जगह ले सकती है नई कार
McL 820 को मौजूदा McLaren 750S के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी 750S का उत्पादन अगले साल बंद कर सकती है और इस मॉडल के लिए आखिरी ऑर्डर लेने की जानकारी पहले ही दे चुकी है। ऐसे में नई सुपरकार कंपनी की अगली बड़ी पेशकश बन सकती है। फिलहाल इसकी लॉन्चिंग, कीमत और फीचर्स को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।








