मन की बात में पीएम मोदी का वर्ष-एंड संदेश: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से लेकर खेल, विज्ञान और संस्कृति तक 2025 की उपलब्धियों का लेखा-जोखा

Comments
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 129वें एपिसोड में वर्ष 2025 की उपलब्धियों, संघर्षों और प्रेरक क्षणों को देशवासियों के साथ साझा किया। यह 2025 का आखिरी ‘मन की बात’ एपिसोड था, जिसमें प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरे वर्ष की यादें मन में घूम रही हैं और 2025 ने भारत को नया आत्मविश्वास दिया है।
सुरक्षा से खेल और विज्ञान तक भारत की मजबूत छाप
पीएम मोदी ने कहा कि देश की सुरक्षा से लेकर खेल के मैदान तक, विज्ञान की प्रयोगशालाओं से लेकर वैश्विक मंचों तक भारत ने हर क्षेत्र में अपनी मजबूत छाप छोड़ी है। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बना। दुनिया ने साफ देखा कि आज का भारत अपनी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करता।
‘वंदे मातरम 150’ अभियान से मजबूत हुई राष्ट्रीय एकता
प्रधानमंत्री ने बताया कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर देशवासियों ने ‘हैशटैग वंदे मातरम 150’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसने राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया।
खेलों के लिहाज से 2025 रहा ऐतिहासिक
खेलों के लिहाज से 2025 को यादगार बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पुरुष क्रिकेट टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती, महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार विश्व कप अपने नाम किया और ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की बेटियों ने इतिहास रच दिया। पैरा एथलीटों ने विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतकर यह साबित कर दिया कि कोई बाधा हौसलों को नहीं रोक सकती।
विज्ञान, अंतरिक्ष और पर्यावरण में बड़ी उपलब्धियां
विज्ञान और अंतरिक्ष क्षेत्र में उपलब्धियों का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचने वाले पहले भारतीय बने। वहीं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भारत में चीतों की संख्या 30 से अधिक हो जाना भी एक बड़ी सफलता है।
आस्था, संस्कृति और विरासत पर गर्व
आस्था और संस्कृति की बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ ने पूरी दुनिया को चकित किया और साल के अंत में अयोध्या में राम मंदिर पर ध्वजारोहण ने हर भारतीय को गर्व से भर दिया। उन्होंने ‘वोकल फॉर लोकल’ को भारत की आत्मनिर्भरता की ताकत बताया।
पारंपरिक कलाएं बनीं आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम
कच्छ रणोत्सव, नारसापुरम लेस क्राफ्ट, मणिपुर के हैंडीक्राफ्ट और महिला उद्यमियों के प्रयासों का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पारंपरिक कलाएं समाज को सशक्त करने के साथ-साथ आर्थिक प्रगति का मजबूत माध्यम बन रही हैं।
एंटीबायोटिक दवाओं के दुरुपयोग पर चेतावनी
स्वास्थ्य पर चिंता जताते हुए प्रधानमंत्री ने एंटीबायोटिक दवाओं के बिना डॉक्टर की सलाह सेवन को खतरनाक बताया और लोगों से अपील की कि वे स्वयं दवा लेने की आदत से बचें।
युवा शक्ति, नवाचार और संस्कृति का संगम
युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन, यंग लीडर डायलॉग और सांस्कृतिक पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अगली पीढ़ी तकनीक और नवाचार के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों को भी मजबूती से सहेज रही है।
2026 के लिए शुभकामनाएं और फिट इंडिया का संदेश
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री ने देशवासियों को 2026 की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया साल ‘विकसित भारत’ के संकल्प सिद्धि की यात्रा में एक अहम पड़ाव साबित होगा। उन्होंने ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को अपनाने और सर्दियों में नियमित व्यायाम करने की भी अपील की।







