पनामा सिटी में बड़ा धमाका: फ्यूल टैंकर विस्फोट से दहला इलाका
Comments
No comments yet. Be the first!
पनामा सिटी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब Bridge of the Americas के पास खड़े फ्यूल टैंकरों में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और देखते ही देखते पूरा इलाका काले धुएं से ढक गया। हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए।
ऑयल टैंक फैसिलिटी में लगी आग बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाल्बोआ क्षेत्र स्थित एक ऑयल टैंक फैसिलिटी में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए पास खड़े कई ईंधन टैंकरों तक पहुंच गई, जिसके बाद एक के बाद एक विस्फोट होने लगे। सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि आग की लपटें सड़क तक फैल गई थीं और पुल से गुजर रहे वाहन चालक घबराकर अपने वाहन छोड़ भागने लगे।
कई घायल, एक व्यक्ति लापता
दमकल विभाग के मुताबिक इस हादसे में कम से कम दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता बताया जा रहा है। राहत एवं बचाव दल मौके पर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Bridge of the Americas अस्थायी रूप से बंद
घटना के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए Bridge of the Americas को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। लोक निर्माण मंत्रालय ने बताया कि पुल की तकनीकी जांच की जा रही है और जब तक इसे पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं किया जाता, तब तक यातायात बहाल नहीं किया जाएगा। यह पुल पनामा नहर के प्रशांत प्रवेश द्वार को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है।
रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम है यह पुल
लगभग 1654 मीटर लंबा Bridge of the Americas पनामा के सबसे महत्वपूर्ण परिवहन मार्गों में गिना जाता है। यह न केवल शहर के यातायात के लिए अहम है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय शिपिंग मार्ग के लिहाज से भी इसकी रणनीतिक भूमिका है। हाल के महीनों में होर्मुज क्षेत्र में तनाव बढ़ने के कारण अमेरिका से एशिया भेजे जा रहे तेल टैंकरों की आवाजाही पनामा नहर के जरिए बढ़ी थी।
वायरल हुआ हादसे का वीडियो
इस भयावह हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आग की ऊंची लपटें और धुएं का विशाल गुबार साफ देखा जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित क्षेत्र से दूर रहें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।








